सीमा पर जवानों के बीच पहुंचे अमित शाह, बोले- देश की सुरक्षा में BSF का योगदान अतुलनीय

प्रशासन

सांचू पोस्ट पर प्रहरी सम्मेलन में जवानों का बढ़ाया हौसला

महिला बैरकों का किया ई-लोकार्पण

बीकानेर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को बीकानेर की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित सांचू पोस्ट पहुंचकर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने प्रहरी सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा में बीएसएफ के जवान दिन-रात कठिन परिस्थितियों में डटे रहकर राष्ट्र सेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।

अमित शाह ने कहा कि देश की जनता सुरक्षित है तो उसका सबसे बड़ा श्रेय सीमा पर तैनात जवानों की सतर्कता, साहस और समर्पण को जाता है। उन्होंने जवानों के जज्बे को सलाम करते हुए कहा कि केंद्र सरकार सीमाओं की सुरक्षा और जवानों की सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इस अवसर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने सीमा पर तैनात जवानों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा उनके साथ जलपान कर आत्मीय संवाद किया। जवानों के बीच पहुंचे अमित शाह ने उनसे सुरक्षा व्यवस्था, सीमा क्षेत्र की परिस्थितियों और आधुनिक तकनीकों के उपयोग को लेकर भी चर्चा की।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री ने सीमा चौकियों पर नवनिर्मित 14 महिला बैरकों का ई-लोकार्पण किया। माना जा रहा है कि इससे सीमा पर तैनात महिला जवानों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी तथा उनका मनोबल और अधिक मजबूत होगा।

इससे पहले अमित शाह ने सांचू माता मंदिर पहुंचकर दर्शन एवं पूजा-अर्चना की तथा देश की सुख-समृद्धि और सुरक्षा की कामना की। इसके बाद उन्होंने प्रहरी शस्त्र गैलरी का अवलोकन किया, जहां बीएसएफ द्वारा उपयोग में ली जा रही आधुनिक हथियार प्रणाली और ड्रोन तकनीक की जानकारी अधिकारियों ने उन्हें दी। अमित शाह ने आधुनिक ड्रोन सिस्टम की कार्यप्रणाली को भी करीब से देखा और सीमा सुरक्षा में तकनीक के बढ़ते उपयोग की सराहना की।
गृह मंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर पौधारोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि सुरक्षा के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण बचाने का आह्वान किया।

इस दौरान केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुनराम मेघवाल, बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी तथा प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान सीमा क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
सांचू पोस्ट पर आयोजित यह कार्यक्रम जवानों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ सीमा सुरक्षा में आधुनिक सुविधाओं और संसाधनों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।