निकाय चुनाव की कमान बनवारी लाल शर्मा को, भाजपा ने बनाया जिला समन्वय समिति का संयोजक

राजनीति

बीकानेर। नगर निकाय चुनावों की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण नियुक्ति की है। प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार भाजपा बीकानेर देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने बनवारी लाल शर्मा को निकाय चुनाव समन्वय समिति का जिला संयोजक नियुक्त किया है।

जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने बताया कि बनवारी लाल शर्मा जिले की छह नगरपालिकाओं के संयोजकों एवं सह-संयोजकों के साथ समन्वय स्थापित कर चुनावी तैयारियों को गति देंगे। उनकी जिम्मेदारी चुनाव संबंधी गतिविधियों का प्रभावी संचालन, संगठनात्मक व्यवस्थाओं को मजबूत करना तथा विभिन्न समितियों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करना होगी।

भाजपा संगठन का मानना है कि इस नियुक्ति से निकाय चुनावों के दौरान बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक समन्वय और चुनाव प्रबंधन को मजबूती मिलेगी। पार्टी ने विश्वास जताया कि बनवारी लाल शर्मा अपने संगठनात्मक अनुभव का लाभ देते हुए चुनावी रणनीति के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।