न्यायालय परिसर की सफाई को लेकर बार एसोसिएशन ने नगर निगम को दिया 7 दिन का अल्टीमेटम

प्रशासन

न्यायालय परिसर की बदहाल सफाई व्यवस्था पर वकीलों में रोष

बीकानेर // न्यायालय परिसर में जगह-जगह कचरे के ढेर और सफाई व्यवस्था बदहाल होने से अधिवक्ताओं में नगर निगम के प्रति रोष है। बार एसोसिएशन ने निगम आयुक्त को पत्र भेजकर न्यायालय परिसर की सफाई एवं कचरा संग्रहण व्यवस्था सात दिन में सुचारू करने का अल्टीमेटम दिया है। बार ने चेतावनी दी है कि तय अवधि में व्यवस्था नहीं सुधरी तो नगर निगम का घेराव किया जाएगा।

बार एसोसिएशन अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित ने बताया कि जनवरी के बाद कई बार निगम को न्यायालय परिसर की अव्यवस्थाओं को लेकर पत्र लिखे गए। निगम अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर जल्द व्यवस्था सुधारने का आश्वासन भी दिया, लेकिन अब तक धरातल पर अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।

बार ने निगम से न्यायालय परिसर के शौचालयों की नियमित सफाई, सीवरेज एवं ड्रेनेज व्यवस्था दुरुस्त करने, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने तथा जगह-जगह जमा अपशिष्ट का समय पर संग्रहण और निस्तारण सुनिश्चित करने की मांग की है। इसके साथ ही पूरे परिसर में समुचित सफाई व्यवस्था बनाए रखने को कहा है।

बार की ओर से भेजे गए पत्र की प्रतियां जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जिला कलेक्टर, जिला पुलिस अधीक्षक और नगर निगम महापौर को भी भेजी गई हैं।