दीपावली पर बाजारों में सुरक्षा व ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग, व्यापार उद्योग मंडल ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

प्रशासन

धनतेरस से दीपावली तक अतिरिक्त पुलिस बल, रात्रिकालीन गश्त और संयुक्त कार्ययोजना बनाने की मांग; एसपी ने दिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश

बीकानेर। आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर शहर के प्रमुख बाजारों में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने की मांग को लेकर बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को अध्यक्ष जुगल राठी के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में मंडल ने कोटगेट, के.ई.एम. रोड, भैरूजी गली, बोथरा कॉम्प्लेक्स, अंबेडकर सर्किल, रानी बाजार, स्टेशन रोड, राजीव गांधी मार्ग, दाऊजी रोड, सुभाष मार्ग, बी. सेठिया गली, फड़ बाजार सहित अन्य प्रमुख बाजारों में दीपावली के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ का उल्लेख करते हुए विशेष सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की मांग की।

मंडल ने धनतेरस से दीपावली तक बाजारों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, विशेष रात्रिकालीन गश्त, भीड़ नियंत्रण, बैरियर व्यवस्था, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी तथा व्यापारियों और आमजन की सुविधा के अनुरूप ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि दीपावली पर्व के दौरान बाजारों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों की संयुक्त बैठक शीघ्र आयोजित कर बाजारवार सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

व्यापार उद्योग मंडल ने विश्वास जताया कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी पुलिस प्रशासन एवं संबंधित विभागों के सहयोग से दीपावली का पर्व व्यापारियों और आमजन के लिए सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न होगा।

इस दौरान मंडल अध्यक्ष जुगल राठी, सचिव संजय जैन सांड, उपाध्यक्ष वेदप्रकाश अग्रवाल, प्रचार मंत्री सुशील कुमार यादव, जनक प्रसाद हर्ष, शांतिलाल कोचर सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।