



“लभारत वैश्विक स्तर पर मजबूत राष्ट्र के रूप में उभर रहा है — अर्जुनराम मेघवाल
भाजपा की ताकत उसका बूथ स्तर का कार्यकर्ता है” — सुमित गोदारा
बीकानेर // देशनोक में भारतीय जनता पार्टी बीकानेर देहात द्वारा आयोजित दो दिवसीय “पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला प्रशिक्षण शिविर” के दूसरे एवं समापन दिवस पर विभिन्न विषयों पर महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए गए। आज आयोजित सभी सत्रों की अध्यक्षता मातृ शक्ति द्वारा की गई। शिविर में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा एवं भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
देश की आर्थिक व राजनीतिक चुनौतियों विषय पर आयोजित सत्र को संबोधित करते हुए केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व में एक मजबूत एवं आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों और चुनौतियों के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था निरंतर मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आमजन तक केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर कार्य करता है।
कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा ने विधानसभा वार आयोजित व्यवहारिक सत्र में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत बूथ स्तर का कार्यकर्ता होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की रीति-नीति और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने एवं आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए बूथ स्तर पर मजबूती से कार्य करने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने प्रशिक्षण शिविर को संगठन की मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार होता है।
शिविर में “विचार परिवार” विषय पर बलवीर बिश्नोई ने संगठनात्मक संस्कार एवं भाजपा की विचारधारा पर अपने विचार रखे, जबकि “बूथ प्रबंधन” विषय पर अभिषेक राजवी ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। सोशल मीडिया एवं व्यवहारिक सत्रों के माध्यम से भी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, रामगोपाल सुथार, जालमसिंह भाटी, भवानी पाईवाल सहित जिला महामंत्री दिलीप सिंह, कैलाश बिश्नोई, तोलाराम कुकणा, चंपालाल गेधर, कोजूराम सारस्वत, महावीर चारण, पूजा मोहता, कुसुम सारस्वत, संजना सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रशिक्षण शिविर का समापन राष्ट्रगान एवं भारत माता के जयघोष के साथ हुआ।



