जैन कन्या कॉलेज में फेयरवेल का आयोजन, रैंपवॉक और टैलेंट से छात्राओं ने बिखेरा जलवा

शिक्षा

बीए, बीकॉम और बीसीए की छात्राओं को मिले मिस फेयरवेल सहित विभिन्न खिताब, प्राचार्य ने उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं

बीकानेर। श्री जैन कन्या पीजी महाविद्यालय में अंतिम सेमेस्टर की छात्राओं के लिए शुक्रवार को उत्साह और भावनाओं से भरा फेयरवेल समारोह आयोजित किया गया। महाविद्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने रैंपवॉक, गेम्स, प्रश्नोत्तरी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. संध्या सक्सेना, डॉ. राजेंद्र जोशी, डॉ. तोषनीवाल, निर्णायक डॉ. वसुधा सेठिया तथा एडवोकेट मोनिका सेठिया ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद गणेश वंदना, सरस्वती वंदना और नवकार मंत्र के साथ रंगारंग प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ।

मीडिया प्रभारी विशाल सोलंकी ने बताया कि विभिन्न संकायों की छात्राओं को आकर्षक खिताबों से सम्मानित किया गया। बीए वर्ग में नैना सोनी को मिस फेयरवेल, निकिता जाखड़ को मिस फ्लॉलेस तथा रिद्धिमा आचार्य को मिस वेस्टर्न चुना गया। वहीं बीकॉम वर्ग में गरिमा भूरा, कशिश ओझा और कुमकुम नवलखा तथा बीसीए वर्ग में हर्षिता, अजरीना और किश्ती कोचर अपने-अपने वर्ग में विजेता रहीं। सभी विजेताओं को अतिथियों एवं प्राचार्य ने सम्मानित किया।

प्राचार्य डॉ. संध्या सक्सेना ने छात्राओं को जीवन के नए सफर के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महाविद्यालय से प्राप्त शिक्षा और संस्कार उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होंगे। कार्यक्रम का संचालन भी छात्राओं ने स्वयं किया, जिसने समारोह को और अधिक आकर्षक बना दिया। इस अवसर पर डॉ. वंदना राजवंशी, डॉ. लता व्यास, सुश्री रेणु शर्मा सहित महाविद्यालय के सभी संकाय सदस्य मौजूद रहे।