नगर स्थापना दिवस पर पांच दिवसीय ‘उछब थरपणा’ समारोह 9 अप्रैल से

धर्म-कर्म

बीकानेर // पांच शताब्दियों से अधिक की गौरवशाली यात्रा पूरी कर चुका बीकानेर नगर इस वर्ष अपना 538वां स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाएगा। इस अवसर पर थार विरासत एवं राजस्थानी साफा, पगड़ी एवं कला संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में 9 अप्रैल से 13 अप्रैल 2026 तक पांच दिवसीय ‘उछब थरपणा’ समारोह आयोजित किया जाएगा।

संस्था सचिव एवं चंदा, पाग, साफा कला विशेषज्ञ कृष्णचंद्र पुरोहित ने बताया कि इस वर्ष समारोह में विशेष नवाचार के साथ युवा प्रतिभाओं को केंद्र में रखा गया है। समारोह का शुभारंभ 9 अप्रैल को लाली बाई पार्क के पास स्थित संस्था कार्यालय में विधिवत उद्घाटन के साथ होगा। इसके पश्चात 9 व 10 अप्रैल को चंदा, साफा एवं पगड़ी कला से संबंधित दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जिसका उद्देश्य नई पीढ़ी को पारंपरिक कला से जोड़ना है। इस कार्यशाला के प्रभारी वरिष्ठ कला विशेषज्ञ मोना सरदार डूडी होंगे, जो युवा बालक-बालिकाओं को प्रशिक्षण देंगे।

लक्ष्मी नारायण रंगा सृजन सदन में होंगे अनेक कार्यक्रम

समारोह के तीसरे दिन 11 अप्रैल को नत्थूसर गेट के बाहर स्थित लक्ष्मीनारायण रंगा सृजन सदन में मांडणा एवं रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता के माध्यम से राजस्थानी लोक कला एवं संस्कृति के वैभव को अभिव्यक्ति दी जाएगी। कार्यक्रम का संचालन संस्कृतिकर्मी हेमलता व्यास के निर्देशन में होगा। चौथे दिन 12 अप्रैल को सायं 5 बजे लक्ष्मीनारायण रंगा सृजन सदन में काव्य संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें नगर के आमंत्रित कवि एवं शायर बीकानेर के वैभव, संस्कृति और विरासत पर आधारित कविता, गीत, गजल एवं हाइकू की प्रस्तुति देंगे। समारोह के अंतिम दिन 13 अप्रैल को ‘भानु का पिटारा’ नामक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इस प्रदर्शनी में देश-विदेश से संकलित हजारों खाली माचिस की डिब्बियों का संग्रह प्रदर्शित किया जाएगा। इसके प्रभारी युवा संग्रहकर्ता भानु प्रताप डूडी होंगे।

समिति का गठन

समारोह के सफल आयोजन हेतु एक समिति का गठन किया गया है, जिसमें गोपीकिशन छंगाणी, गौरीशंकर व्यास, मोहित पुरोहित, धर्मेंद्र छंगाणी, मरुधर बोहरा, मनमोहन पालीवाल, नंदकिशोर रंगा, भवानी सिंह राठौड़, हरिनारायण आचार्य, तोलाराम सारण, घनश्याम ओझा, नवनीत व्यास, अशोक शर्मा, कार्तिक मोदी एवं अख्तर अली को शामिल किया गया है।