शिव शक्ति साधना पीठ में महाकाल भैरव अष्टमी का विशेष पूजन बुधवार को

धर्म-कर्म

टीवी अभिनेता अमर उपाध्याय दर्शन लाभ लेने आएंगे

बीकानेर// भैरव अष्टमी को लेकर शहर के तमाम भैरव मंदिरों में तैयारियाँ पूरी हो गई है। बुधवार को भैरव अष्टमी पूरे मनोयोग के साथ मनाई जाएगी। भैरव अष्टमी की पूर्व संध्या पर शहर के मंदिरों में अनेक धार्मिक आयोजन हुए। उधर शहर के गोकुल सर्किल पर स्तिथ शिव शक्ति साधना पीठ में भी भैरव अष्टमी को लेकर दो दिनों से तैयारी चल रही है। यहां बुधवार की शाम को विशेष श्रृंगार के बाद विशेष पूजा अर्चना व प्रसादी का आयोजन होगा। इस आयोजन में भाग लेने के लिए टीवी अभिनेता अमर उपाध्याय बीकानेर आ रहे हैं। वे बुधवार शाम को बीकानेर पहुंचेंगे और गोकुल सर्कल स्थित शिव शक्ति साधना पीठ में महाकाल भैरव भैरवनाथ का आशीर्वाद लेंगे।

कार्यक्रम के आयोजक जाने-माने ज्योतिष आचार्य व भैरव उपासक पंडित प्रदीप किराडू ने बताया कि अमर उपाध्याय पिछले 20 वर्षों से टीवी के जाने-माने चेहरे हैं। उन्होंने “”क्योंकि सास भी कभी बहू थी”” नामक सीरियल से छोटे पर्दे पर अभिनय की शुरुआत की और आज भी उनका काम छोटे परदे से लेकर बड़े पर्दे तक बोलता है।

पंडित प्रदीप किराडू ने बताया कि शिव शक्ति साधना पीठ प्रख्यात भैरव उपासक पंडित मनमोहन किराडू द्वारा स्थापित पीठ है जहां महाकाल भैरव अष्टमी का आयोजन 12 नवंबर को हो रहा है। पीठ से जुड़े एडवोकेट मदन गोपाल व्यास ने बताया कि पंडित प्रदीप किराडू के सानिध्य में दोपहर एक बजे पंडित बसंत किराडू व जय शंकर पार्टी द्वारा चमेली के तेल से भैरवनाथ का रुद्राभिषेक होगा। तत्पश्चात भव्य श्रृंगार किया जाएगा

उन्होंने बताया कि भैरवनाथ को 56 भोग का प्रसाद चढ़ाया जाएगा । इसके बाद 7:30 बजे महा आरती के पश्चात महाप्रसाद वितरण शुरू किया जाएगा। भैरव अष्टमी की पूर्व संध्या पर आज शिव शक्ति साधना पीठ में पहले सुंदरकांड के पाठ हुए और उसके बाद जागरण का आयोजन हुआ । देर रात तक यहां पर अनेक कलाकारों ने विभिन्न भजनों की प्रस्तुतियां दी।