


पुरुषोत्तम मास में जनक हर्ष परिवार ने सरोजदेवी हर्ष (बाई) की स्मृति में कराया आयोजन
बीकानेर // पुरुषोत्तम (अधिक) मास में शहरभर में धर्ममय वातावरण बना हुआ है। मंदिरों और घरों में श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के आयोजन हो रहे हैं तथा श्रद्धालु बड़ी संख्या में कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में जवाहर नगर में प्रसिद्ध ट्रांसपोर्ट व्यवसायी जनक हर्ष परिवार की ओर से सरोज देवी हर्ष (बाई) की स्मृति में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया गया।

परिवार के ओमी हर्ष ने बताया कि कथा 1 जून से 7 जून तक आयोजित हुई। प्रसिद्ध कथावाचक पंडित भाईश्री ने कथा का वाचन किया। कथा में श्रीमद्भागवत माहात्म्य, भक्ति मार्ग, विभिन्न अवतारों, भक्त चरित्रों और श्रीकृष्ण लीलाओं का विस्तार से वर्णन किया गया।

कथा पूजन जनक-सरोज हर्ष के पुत्र जगदीश हर्ष व पुत्रवधू रेखा हर्ष ने सम्पन्न कराया। इस दौरान ओमी हर्ष-सुनीता हर्ष, मधवेंद्र-अलका हर्ष तथा अनामिका थानवी सहित परिवारजन मौजूद रहे।
आयोजन से जुड़े ओमी हर्ष ने बताया कि कथा में श्री सुखदेव जी की वाणी प्राकट्य, वराह अवतार, कपिल उपदेश, ध्रुव चरित्र, शिव-पार्वती विवाह, जड़ भरत, अजामिल, प्रह्लाद चरित्र और श्री नृसिंह अवतार के प्रसंग सुनाए गए। वहीं अगले दिनों में श्री वामन अवतार, श्रीराम अवतार, श्रीकृष्ण अवतार, नंद उत्सव, बाल लीलाएं, माखन लीला और गोवर्धन लीला का वर्णन किया गया। कथा में महारास, गोपीगीत, गोपी-उद्धव संवाद, श्रीकृष्ण विवाह, सुदामा चरित्र और दत्तात्रेय जी की कथा भी श्रद्धालुओं को सुनाई गई।



