न्यायाधीश विश्वबन्धु पुरोहित का निधन, चौखुंटी श्मशान घाट में हुआ अंतिम संस्कार

समाज

बीकानेर न्यायिक जगत में शोक की लहर

बीकानेर // बीकानेर पोक्सो कोर्ट नं.1 के पीठासीन अधिकारी विश्वबन्धु पुरोहित का आज सुबह जयपुर में निधन हो गया। वे कुछ दिनों से बीमार थे। उन्हें ब्रेन हेमरेज हो गया था। बीमार होने से उनका जयपुर में इलाज चल रहा था। देर शाम उनका शव बीकानेर पंहुचा। सादुल गंज स्थित उनके निवास पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अतुल कुमार सक्सेना सहित अनेक न्यायिक अधिकारियों व अधिवक्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उनके शव यात्रा सादुल गंज से रवाना होकर चौखुटी स्थित श्मशान घाट पहुंची जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया।

जैसलमेर मूल के विश्वबन्धु पुरोहित का जन्म 5-अप्रेल-1970 को हुआ। 30-जून-2000को न्यायिक सेवा में प्रवेश किया। वे फरवरी 2016 में जिला न्यायाधीश के पद पर पदोन्नत हुए थे। वर्तमान में बीकानेर में सेशन न्यायाधीश पोक्सो कोर्ट में पदस्थापित थे।

न्यायाधीश पुरोहित के निधन पर न्यायिक जगत में शोक की लहर छा गई। न्यायिक कर्मचारी संघ के वरिष्ठ नेता गिरिराज बिस्सा ने बताया कि पुरोहित एक व्यवहारिक अधिकारी थे तथा न्यायप्रिय इंसान थे। उन्होंने बताया कि बुधवार शाम को उनका शव सादुल गंज में स्थित उनके निवास पुर पहुंचा। जहां बड़ी संख्या में न्यायिक अधिकारी व अधिवक्ता आदि मौजूद रहे। सभी ने उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। उसके बाद शव यात्रा रवाना हुई जो शाम को चौखुटी शमशान घाट पहुंची जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान न्यायिक अधिकारियों सहित न्यायिक कर्मचारियों व बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सहित अनेक अधिवक्ता व शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे। बड़ी संख्या में जैसलमेर से भी उनके रिश्तेदार अंतिम दर्शन के लिए बीकानेर पहुंचे।