कचरा संग्रहण वाहन ने बुजुर्ग को कुचला, सिर में गंभीर चोट; हालत नाजुक

क्राइम

गोकुल सर्किल पर हुआ हादसा, घायल केशव दत्ता आचार्य की सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में सर्जरी जारी; वाहन संचालन और ठेका व्यवस्था पर उठे सवाल

बीकानेर // नथूसर गेट क्षेत्र के गोकुल सर्किल एरिया में नगर निगम के कचरा संग्रहण वाहन की चपेट में आने से भारतीय स्टेट बैंक के वरिष्ठ एवं निष्ठावान कर्मचारी रहे केशव दत्ता आचार्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। फिलहाल सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में डॉ. दिनेश सोढ़ी की देखरेख में उनकी सर्जरी की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार कचरा संग्रहण के दौरान नगर निगम का वाहन केशव दत्ता आचार्य को अपनी चपेट में लेने के बाद कथित तौर पर घसीटता हुआ ले गया। हादसे के बाद उन्हें गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम उपचार में जुटी है।

वाहनों के संचालन पर उठे सवाल
हादसे के बाद नगर निगम की कचरा संग्रहण व्यवस्था और वाहनों के संचालन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। शहर में कचरा संग्रहण के लिए लगाए गए वाहनों के चालकों की योग्यता, ड्राइविंग लाइसेंस, प्रशिक्षण और सुरक्षा मानकों की पालना की जांच की मांग उठी है। साथ ही चालकों की मेडिकल और नशे संबंधी जांच तथा वाहनों की फिटनेस और बीमा की स्थिति भी जांच के दायरे में लाने की मांग की गई है।

ठेका व्यवस्था की जांच की मांग
घायल के परिजनों ने नगर निगम की ठेका व्यवस्था और टेंडर प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि कचरा संग्रहण वाहनों के संचालन में लापरवाही आमजन की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती है। महापौर अनिल कल्ला से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर दुर्घटना की जांच करवाने तथा दोषी चालक और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

परिजनों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और उपचार में हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने की मांग भी उठाई है। उनका कहना है कि शहर की सफाई व्यवस्था जरूरी है, लेकिन इसके नाम पर नागरिकों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता। हादसे की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।