भीषण गर्मी को देखते हुए पीबीएम अस्पताल में ठंडे पानी की प्याऊ शुरू

समाज

मारवाड़ जन सेवा समिति, गोमा देवी चमड़िया ट्रस्ट और रोटरी क्लब रॉयल्स की पहल

बीकानेर // भीषण गर्मी को देखते हुए आमजन और मरीजों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से रविवार को मारवाड़ जन सेवा समिति, गोमा देवी चमड़ियां ट्रस्ट एवं रोटरी क्लब रॉयल्स के संयुक्त तत्वावधान में जनाना अस्पताल पीबीएम में ठंडे मटके के पानी का प्याऊ शुरू किया गया।

इस पहल का उद्देश्य अस्पताल में आने वाले मरीजों, उनके परिजनों एवं आमजन को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध करवाना है, जिससे गर्मी के इस मौसम में उन्हें राहत मिल सके।

इस अवसर पर पीबीएम अस्पताल एवं एस.पी. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र वर्मा, ट्रोमा सेंटर के सीएमओ डॉ. एल.के. कपिल, रोटरी क्लब की गवर्नर डॉ. निशा शेखावत तथा मारवाड़ जन सेवा समिति के जिला अध्यक्ष रमेश व्यास सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

अतिथियों ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल समाज में सेवा भावना को मजबूत करती है और जरूरतमंदों को सीधा लाभ पहुंचाती है। इस दौरान सभी ने इस तरह के जनहित कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प भी लिया।