भाविप का दायित्व ग्रहण समारोह आयोजित, केबिनेट मंत्री पटेल थे मुख्य अतिथि

समाज

नागौर // भारत विकास परिषद् शाखा नागौर के नव निर्वाचित पदाधिकारियों का दायित्व ग्रहण समारोह बीकानेर रोड स्थित होटल मेघमाउंट के सभागार में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री राजस्थान सरकार जोगाराम पटेल, परिषद् के संरक्षक राष्ट्रीय गतिविधि संस्कार डॉ.त्रिभुवन शर्मा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संपर्क विभाग के सह क्षेत्रीय संपर्क प्रमुख योगेंद्र कुमार और प्रांतीय समन्वयक नृत्यगोपाल मित्तल ने भारत माता और स्वामी विवेकानंद के दिव्य चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान परिषद् के पूर्व सचिव चरण प्रकाश डागा ने सत्र 2024-2025 की गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसके साथ ही इन गतिविधियों का पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन भी किया गया। प्रांतीय समन्वयक नृत्यगोपाल मित्तल ने मंचस्थ महानुभावों का परिचय एवम् स्वागत सम्मान करवाया साथ ही भारत विकास परिषद् के लक्ष्य और उद्देश्य को स्पष्ट किया।

मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने अध्यक्ष रामानुज मालाणी, सचिव सुभाष ललवाणी, कोषाध्यक्ष विकास सोनी और संरक्षक आनंद अग्रवाल को शपथ दिलवाई। वहीं डॉक्टर त्रिभुवन शर्मा ने नवीन सदस्यों डॉक्टर देवेंद्र शर्मा, डॉक्टर सौरभ जोशी, पंकज नाहटा, हनुमान राम चौधरी, श्याम सुंदर मूंदड़ा को सदस्यता शपथ दिलवाई। अध्यक्ष रामानुज मालाणी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन सह सचिव शरद कुमार जोशी ने किया।

यहां पद नही दायित्व दिया जाता है- योगेंद्र कुमार

इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में बोलते हुए राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के संपर्क विभाग के सह क्षेत्रीय संपर्क प्रमुख योगेंद्र कुमार ने कहा कि परिषद में पदों का बंटवारा नहीं होता है बल्कि दायित्व दिया जाता है जो जिम्मेदारी का बोध करवाता है। भारत माता की सेवा करने और राष्ट्र को विश्व गुरु के परम् वैभवशाली पद पर आसीन करने के लिए समाज के प्रबुद्ध और संपन्न वर्ग के लोगों के सहयोग से समाज के निचले तबके को लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करता है भारत विकास परिषद। उन्होंने कहा कि संघ पंच परिवर्तनों के माध्यम से व्यक्ति निर्माण और राष्ट्र निर्माण के कार्य में लगा है। हम नागरिक अधिकारों के साथ साथ कर्तव्यों का पालन भी करें। पर्यावरण संरक्षण के लिए सार्थक कार्य रचना बनाकर अभियान चलाएं। स्वदेशी वस्तुओं, स्व भाषा, स्व परिधान, स्व खान पान अपनी माटी अपने संसाधनों पर गर्व करें। उन्हें अपने जीवन में और आचरण में उतारें। हमारी कुटुंब व्यवस्था संपूर्ण विश्व में सर्वाधिक तार्किक और विश्वसनीय परिवार व्यवस्था है। परिवार के सदस्यों में आपसी स्नेह,श्रद्धा और विश्वास बढ़ेगा तभी समाज और राष्ट्र उन्नत होगा। आजकल युवा वर्ग फटे पुराने कपड़ों को पहनकर गौरव का अनुभव करता है। पाश्चात्य अंधानुकरण पर योगेंद्र कुमार ने कहा कि हमारे किशोर किशोरियां अपने संस्कारों को छोड़ते जा रहे हैं। हमारी जिम्मेदारी है कि हम युवा वर्ग को जीवन जीने की सही सीख दें। उनका मौलिक मार्गदर्शन करें। जब तक संस्कार और सभ्यता जीवन का आधार बने रहेंगे व्यक्ति का जीवन सार्थक और सुखमय होगा। इसके विपरीत हम अनुभव करते हैं कि यूरोपीय देशों में युवा नशे, आतंक, अवसाद, आत्महत्या की ओर अग्रसर हो रहे हैं।

भाविप सेवा को आधार मान करती है काम – त्रिभुवन शर्मा

अध्यक्षीय आशीर्वचन देते हुए परिषद की राष्ट्रीय गतिविधि संस्कार के संरक्षक डॉक्टर त्रिभुवन शर्मा ने कहा कि दीन दुखियों और निर्धन के सेवा करने में ही ईश्वर की सेवा पूजा है। परिषद् सेवा को आधारभूत मानकर ही अपनी गतिविधियों को संचालित करती है। सेवा, सहयोग, संस्कार,समर्पण और संपर्क के माध्यम से हम भारत को विश्व गुरु बनाने का महान लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। आने वाले समय में जब इतिहास लिखा जाए तो हमारा नाम सकारात्मक सोच रखने वाली सज्जन शक्ति के साथ लिखा जाना चाहिए।

मुख्य अतिथि पटेल ने भाविप के कार्यो की प्रशंसा की

मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री राजस्थान सरकार जोगाराम पटेल ने परिषद् की सेवा गतिविधियों के वीडियो को देखकर नागौर शाखा की भूरि भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मैं यहां आने से पहले कुछ और बोलने का तय करके आया था लेकिन आपकी सेवा और रचनात्मक गतिविधियों को देखकर कुछ बोलने की आवश्यकता ही नहीं लग रही है। मैं यहां से कुछ सीखकर ही जा रहा हूं। परिषद् की नागौर शाखा के लिए स्थायी भवन निर्माण और भूखंड आवंटन के कार्य के लिए उन्होंने स्वयं पैरवी करने की बात कहकर उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने नागौर शाखा की सराहना करते हुए इस शाखा के कार्यों को अन्य स्थानों के लिए प्रेरणा प्रदान करने वाला बताया।

ये भी रहे उपस्थित

कार्यक्रम में नागौर के पूर्व विधायक मोहनराम चौधरी, नगर परिषद् की सभापति मीतू बोथरा, उपखंड अधिकारी गोविंद सिंह भींचर, भाजपा जिला अध्यक्ष रामधन पोटलिया,पार्षद नवरतन बोथरा, खींवसर विधायक रेवंत राम डांगा, अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राधेश्याम गोदारा, मुकेश भाटी, मांगीलाल बंसल, डॉक्टर केवलराम गौड़, मुनेंद्र सुराणा, भोजराज सारस्वत, हरिराम धारणिया, बी एल भूतड़ा, पवन अग्रवाल,बजरंग लाल शर्मा,केशव चांडक, राजेंद्र डागा, रामनिवास राठी, रवि प्रकाश सोनी, खींवराज टाक, दिनेश शर्मा, योगेश सोनी, सुनील भार्गव,सत्यनारायण वैष्णव,कैलाश अग्रवाल,भवानी शंकर रांकावत, कैलाश सारडा, सागर सर्वा,मनोज जैन,जगदीश बंसल आदि मौजूद थे।