श्री शिव सहस्रनामावली एवं भजन पुस्तक का विमोचन समारोह सम्पन्न

धर्म-कर्म

बीकानेर // आध्यात्मिकता, भक्ति एवं साहित्य के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में पुस्तक श्री शिव सहस्रनामावली एवं भजन का भव्य विमोचन समारोह रविवार 16 अगस्त 2026 को एम.डी.वी. रोड स्थित विनायक रेस्टोरेंट, बीकानेर में श्रद्धा, भक्ति एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।
समारोह के मुख्य अतिथि प्रख्यात पंडित नथमल पुरोहित, विशिष्ट अतिथि सुप्रसिद्ध हवेली गायक नारायण रंगा, किशन किराडू एवं शंकर चुरा ने अतिथियों द्वारा पुस्तक का विधिवत विमोचन किया और लेखक आनन्द कुमार व्यास को इस आध्यात्मिक एवं साहित्यिक कृति के प्रकाशन पर शुभकामनाएँ एवं बधाई दी।

श्री शिव सहस्रनामावली एवं भजन पुस्तक में स्वर्गीय गणेश दास रंगा द्वारा स्वरचित भजनों एवं भगवान शिव के विभिन्न नामों का संकलन किया गया है। यह कृति भगवान शिव के प्रति श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक भावनाओं को समर्पित है। पुस्तक के माध्यम से स्वर्गीय गणेश दास जी रंगा की भक्ति-साधना एवं उनकी रचनात्मक विरासत को संजोने का सराहनीय प्रयास किया गया है। यह पुस्तक निःशुल्क उपलब्ध रहेगी ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु एवं शिवभक्त इसका लाभ प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम का संचालन किशन पुरोहित ने प्रभावी एवं गरिमामय ढंग से किया।

समारोह का विशेष आकर्षण नारायण रंगा एवं किशन किराडू (मुकेश) द्वारा प्रस्तुत किए गए भावपूर्ण भजन रहे। दोनों कलाकारों ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से भगवान शिव की महिमा एवं भक्ति का गुणगान किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिरस में सराबोर हो गया।

इस अवसर पर पुस्तक के लेखक आनन्द कुमार व्यास ने कहा कि इस कृति के माध्यम से भगवान शिव की भक्ति एवं स्वर्गीय गणेश दास रंगा के स्वरचित भजनों को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया गया है। कार्यक्रम के समापन अवसर पर बंटी व्यास ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में गोपाल छंगाणी, मनोज व्यास, राम कुमार हर्ष, महावीर स्वामी, बबला महाराज, भाटिया महाराज, महावीर प्रसाद व्यास एवं विजय व्यास, केशव व्यास, जगदीश किराडू* सहित अनेक गणमान्यजन, श्रद्धालु एवं साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने पुस्तक के प्रकाशन को शिवभक्ति एवं आध्यात्मिक साहित्य के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल बताया।