मीरा शाखा ने चलाया पौधा वितरण महाअभियान, 1000 पौधे बांटे

समाज

मेजर पूरण सिंह सर्किल के भ्रमण पथ पर उमड़े प्रकृति प्रेमी, 450 छायादार-फलदार, 300 तुलसी और 250 फूलदार पौधे किए नि:शुल्क वितरित

बीकानेर // पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद की मीरा शाखा की ओर से 30 अगस्त को मेजर पूरण सिंह सर्किल स्थित भ्रमण पथ पर पौधा वितरण महाअभियान आयोजित किया गया। अभियान के तहत आमजन और प्रकृति प्रेमियों को कुल 1000 पौधे नि:शुल्क वितरित किए गए।
मीरा शाखा की संरक्षिका ऋतु मित्तल ने बताया कि कार्यक्रम प्रांतीय समन्वयक शशि चुघ के नेतृत्व में आयोजित हुआ। सुबह से ही बड़ी संख्या में शहरवासी पौधे लेने पहुंचे। अभियान में 450 बड़े पौधे, 300 तुलसी के पौधे और 250 फूलदार पौधे वितरित किए गए।

बड़े पौधों में आम, नीम, पीपल, बरगद, जामुन, मीठा नीम, बेल और पत्थरचट्टा सहित विभिन्न छायादार व फलदार पौधे शामिल थे। वहीं तुलसी के पौधे लोगों ने श्रद्धा के साथ प्राप्त किए। 250 फूलदार पौधों में गेंदा, गुलाब, चमेली और हरसिंगार सहित विभिन्न प्रजातियां शामिल रहीं।
नागणेची मंदिर में भी बांटे तुलसी के पौधे

मीरा शाखा की ओर से दूसरा पौधा वितरण कार्यक्रम नागणेची मंदिर प्रांगण में प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. दीप्ति वाहल के नेतृत्व में आयोजित किया गया। यहां 100 तुलसी के पौधे वितरित किए गए। कार्यक्रम में शाखा की महिला सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

अभियान में पर्यावरण प्रेमी नरेश चुघ, समाजसेवी डॉ. विशाल मलिक, विकास अग्रवाल, डॉ. राकेश माथुर, मुकेश गुप्ता, शाखा अध्यक्ष हेमा सिंह दाधीच, शाखा कोषाध्यक्ष सीमा शर्मा, शोभा अग्रवाल, डॉ. रजनी शर्मा, डॉ. आशु मलिक, सुसन भाटिया, प्रकल्प प्रभारी यशी शर्मा, रेणु माथुर और रेणु जोशी सहित अनेक सदस्य एवं पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में मीरा शाखा के पदाधिकारियों और शहर के गणमान्य नागरिकों का सहयोग रहा।