नगर निगम महापौर चुनाव: डागा ने वापस लिया पर्चा, अब अनिल कल्ला और डॉ. शेखावत के बीच मुख्य मुकाबला

राजनीति

बीकानेर // नगर निगम महापौर के लिए सोमवार को होने वाले निर्वाचन से पूर्व आज कांग्रेस के पार्षद और महापौर चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में आगे आए नवरत्न डागा ने अपना पर्चा वापस ले लिया। इसके साथ ही महापौर पद के लिए मुख्य मुकाबला कांग्रेस के अनिल कल्ला और भारतीय जनता पार्टी के डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत के बीच रह गया है। नामांकन दाखिल वाले दिन से कांग्रेस नेता परेशान थे। वार्ड 50 से जीते कांग्रेसी पार्षद नवरतन डागा ने बगावती तेवर अपना लिए थे। वे अनिल कल्ला की दावेदारी को परिवारवाद बता रहे थे। दो दिन तक चली रस्साकशी के बाद आज नाम वापसी के दिन डागा ने अपना नामांकन वापिस ले लिया। इससे कांग्रेस अब मजबूत नजर आ रही है। कांग्रेसजन में भी इस घटनाक्रम के बाद खुशी की लहर देखी गई।

वर्तमान स्थिति में कांग्रेस का पलड़ा भारी लग रहा है, क्योंकि कांग्रेस के 42 पार्षद जीतकर आए हैं, वहीं भारतीय जनता पार्टी के 27 पार्षद निर्वाचित हुए हैं। विगत 14 सितंबर को आए परिणाम में 10 निर्दलीय और एक आरएलपी का पार्षद भी शामिल है।

दो दिन पूर्व नवरत्न डागा ने निर्दलीय और कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में दो नामांकन दाखिल किए थे। संवीक्षा के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में दर्ज नामांकन खारिज हो गया। आज दूसरा पर्चा वापस लेने के बाद महापौर पद के लिए अब कांग्रेस के अनिल कल्ला व भाजपा के सुरेंद्र सिंह शेखावत के बीच सीधा मुकाबला रह गया है। ये मुकाबला रोचक होगा।

उधर आज कांग्रेस की ओर से पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल, देहात कांग्रेस अध्यक्ष विशनाराम सियाग सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ नगर निगम पहुंचकर नवरत्न धागा ने अपना पर्चा वापस लिया। डागा ने खुद को कांग्रेस का समर्पित सिपाही बताया और कहा कि उन्हें जो संदेश पहुंचाना था, वह उन्होंने पहुंचा दिया। महापौर के लिए मतदान सोमवार को होंगे। अगले दिन यानी मंगलवार को उप महापौर का चुनाव होगा।