


कांग्रेस नेता अरुण व्यास ने जलदाय विभाग के एसई से की बात; 7 दिन में समाधान का आश्वासन
बीकानेर // चोपड़ा बाड़ी क्षेत्र के बाशिंदे पिछले करीब 30 महीनों से पानी के कनेक्शन के लिए जलदाय विभाग के चक्कर लगा रहे हैं। बार-बार ज्ञापन देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से आक्रोशित क्षेत्रवासी सोमवार को गंगाशहर पानी की टंकी पर धरने पर बैठ गए। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि पानी की पाइपलाइन डाले हुए कई महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक प्रभावित परिवारों को कनेक्शन नहीं दिए गए हैं।
भीषण गर्मी के बीच धरने पर बैठे लोगों की दो घंटे से अधिक समय तक अधिकारियों ने सुध नहीं ली। सूचना मिलने पर कांग्रेस के युवा नेता अरुण व्यास मौके पर पहुंचे और क्षेत्रवासियों की समस्या सुनी।
यूवा कॉंग्रेस नेता अरूण व्यास ने जलदाय विभाग के एसई राजेश पुरोहित से दूरभाष पर वार्ता कर पूरे मामले से अवगत कराया। एसई ने संबंधित अधिकारी को समस्या के समाधान के लिए निर्देशित करने का आश्वासन दिया।
इसके बाद अरुण व्यास ने क्षेत्र के एईएन और जेईएन से भी वार्ता की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पानी जैसी मूलभूत सुविधा के लिए गरीब परिवार महीनों से फाइलें लेकर विभाग के चक्कर लगा रहे हैं। कनेक्शन नहीं मिलने के कारण लोगों को मजबूरी में महंगे दामों पर टैंकर से पानी मंगवाना पड़ रहा है। जब क्षेत्र में पानी की लाइन डाली जा चुकी है तो उसका मिलान कर कनेक्शन देने में देरी क्यों की जा रही है? प्रभावित परिवारों को कनेक्शन से वंचित रखने की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
वार्ता के दौरान एईएन की ओर से मौखिक आश्वासन दिया गया, जिसके बाद सात दिन में समस्या का समाधान करने पर सहमति बनी। इसके बाद क्षेत्रवासियों ने धरना समाप्त किया। प्रदर्शन में नरनारायण स्वामी, गोविंद पुरोहित, चेतन जोशी, महेश भाटी, अशोक भाटी, मुरली गहलोत, सुनील चिंपा, हरिकिशन कुम्हार, हरि सुथार, किशन पुरोहित, किशन दधीच, पवन गुप्ता, माणक भार्गव, घनश्याम, राजेंद्र पुरोहित सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



