



यज्ञ के साथ शुरू हुआ शैक्षणिक सत्र
बीकानेर // रघुनाथसर कुआं स्थित भारतीय आदर्श विद्या मंदिर में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ बुधवार को आध्यात्मिक ऊर्जा और उत्साह के साथ हुए। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में ‘सत्र आरम्भ यज्ञ’ का आयोजन हुआ, जिसमें विद्यालय परिवार के साथ प्रबन्ध समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।
नव सत्र की सफलता और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ आयोजित यह यज्ञ विद्वान पंडित देवनारायण द्वारा कराया गया। विशेष बात यह रही कि पंडित देवनारायण इसी विद्या मंदिर के पूर्व छात्र रह चुके हैं। यज्ञ के मुख्य यजमान के रूप में रामदेव और शांति रामदेव ने आहुतियां अर्पित कर मंगल कामना की।
गरिमामय उपस्थिति
कार्यक्रम में प्रबन्ध समिति के अध्यक्ष नरेंद्र अग्रवाल, व्यवस्थापक श्रीवल्लभ पुरोहित, और प्रधानाचार्य घनश्याम व्यास उपस्थित रहे। साथ ही प्रबन्ध समिति की सदस्य सरिता नागल ने कार्यक्रम में भाग लेकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
विद्यार्थियों और आचार्यों का उत्साह
यज्ञ की पूर्णाहुति के पश्चात सभी आचार्यों और भैया-बहनों ने सामूहिक रूप से नए सत्र के संकल्प लिए। मंत्रोच्चार और पवित्र अग्नि के साक्षी भाव में हुए इस आयोजन से संपूर्ण विद्यालय परिसर भक्तिमय और सकारात्मक ऊर्जा से भर उठा। प्रधानाचार्य ने सभी को नए सत्र की शुभकामनाएं देते हुए अनुशासन और श्रेष्ठ शैक्षणिक लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रेरित किया।



