



करणी सिंह स्टेडियम के मल्टीपरपज ऑडिटोरियम में बने खेलों के कुंभ जैसे माहौल में छात्र वर्ग में उदयपुर, मुंडवा, नागौर, भीलवाड़ा व अजमेर और छात्रा वर्ग में अजमेर, भीलवाड़ा, नागौर व अलवर की टीमें खिताबी दौड़ में
बीकानेर // 70वीं राज्य स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता के तहत 17 व 19 वर्ष आयु वर्ग छात्र-छात्राओं के टीम मुकाबलों का दौर शुरू हो गया। बीकानेर में 18 वर्षों बाद हो रही इस राज्य स्तरीय जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में प्रदेशभर से पहुंचे खिलाड़ियों का जोश और जज्बा देखते ही बन रहा है। नवनिर्मित डॉ. करणी सिंह स्टेडियम के मल्टीपरपज ऑडिटोरियम में जिम्नास्टिक के विभिन्न मुकाबलों के बीच खेलों के कुंभ जैसा माहौल नजर आया।
ऑडिटोरियम में रोमन रिंग, पैरेलल बार, हॉरिजॉन्टल बार, एक्रोबैटिक और रिदमिक जिम्नास्टिक के रोमांचक प्रदर्शन देखने को मिले। खिलाड़ियों ने शक्ति, संतुलन, लचक और तकनीकी कौशल का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को प्रभावित किया। टीम मुकाबलों में छात्रा वर्ग में अजमेर, भीलवाड़ा, नागौर और अलवर की टीमें शानदार प्रदर्शन के साथ मुकाबले में बनी हुई हैं। वहीं छात्र वर्ग में उदयपुर, मुंडवा, नागौर, भीलवाड़ा और अजमेर की टीमों ने प्रभावी प्रदर्शन करते हुए खिताबी दौड़ में अपनी दावेदारी बनाए रखी है।
व्यवस्था और अनुशासन पर विशेष फोकस
प्रतियोगिता संयोजक एवं राजकीय लेडी एल्गिन बालिका सीनियर सेकेंडरी स्कूल की प्रिंसिपल लाजवंती ने बताया कि लंबे अंतराल के बाद बीकानेर में हो रही राज्य स्तरीय प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह है। प्रतियोगिता स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक डॉ. रामगोपाल शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल छात्र-छात्राओं के आवास और भोजन की बेहतर व्यवस्था की गई है। अलग-अलग जिलों से आए खिलाड़ियों के लिए एक ही स्थान पर भोजन की व्यवस्था रखी गई है। विभाग के शारीरिक शिक्षक और निर्णायक प्रतियोगिता को निर्विघ्न एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने में जुटे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि जिम्नास्टिक केवल शारीरिक कौशल का खेल नहीं, बल्कि शक्ति, संयम, संतुलन और एकाग्रता का अद्भुत संगम है। प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ी अपने प्रदर्शन के माध्यम से इन गुणों का शानदार परिचय दे रहे हैं।
विभिन्न दायित्वों में जुटी टीम
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन में लेडी एल्गिन स्कूल की व्याख्याता एवं शारीरिक शिक्षिका सुधा व्यास, शारीरिक शिक्षक शिवराज सिंह, नारायण दास, पणियाराम, रामकुमार पुरोहित, व्याख्याता हरिराम जाखड़, युदवीर सिंह सहित विभाग के अधिकारी, शारीरिक शिक्षक, निर्णायक एवं आयोजन से जुड़े अन्य कार्मिक विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।



