



विधायक जेठानंद व्यास और पूर्व मंत्री डॉ बीडी कल्ला सहित अनेक जनों में दी शुभकामनाएं
बीकानेर // कर्मकांड भास्कर एवं गुरुदेव पंडित नथमल पुरोहित के 100वें प्राकट्य दिवस पर शहरभर में श्रद्धा, सम्मान और शुभकामनाओं का तांता लगा रहा। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं श्रद्धालुओं ने गुरुदेव को वंदन करते हुए उनके दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
गौरतलब है कि पंडित नथमल जी पुरोहित ने अपने जीवनकाल में धर्म, कर्म और आध्यात्म की ज्योति से समाज को निरंतर आलोकित किया है। महानंद मंदिर में उनके आचार्यत्व में आयोजित दो कोटि गायत्री महायज्ञ तथा हजारों बटुकों के निशुल्क यज्ञोपवीत संस्कार उनके सामाजिक योगदान के सशक्त उदाहरण हैं। उनके मार्गदर्शन में अनेक धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को नई दिशा मिली है।शहरवासियों ने कहा कि गुरुदेव का जीवन सेवा, साधना और समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने समाज को न केवल आध्यात्मिक दिशा दी, बल्कि संस्कारों की मजबूत नींव भी रखी है। सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि गुरुदेव सदैव स्वस्थ, दीर्घायु और ऊर्जा से परिपूर्ण रहें तथा उनका तेज सूर्य की भांति समाज को निरंतर प्रकाशित करता रहे।
विधायक व्यास ने दी शुभकामनाएं
विधायक जेठानंद व्यास ने फेसबुक पर पंडित नथमल पुरोहित को बधाई देते हुए लिखा कि ‘बीकानेर शहर में आध्यात्मिक ज्ञान का प्रकाश फैलाने वाले, विद्वान एवं आदरणीय पंडित श्री नथमल जी पुरोहित को 100वें अवतरण दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ। आपके आध्यात्मिक एवं ज्ञानवर्धक विचारों ने अनगिनत लोगों को जीवन की नई राह दिखाई है।आपका सरल स्वभाव एवं गहन ज्ञान हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहे। ईश्वर से प्रार्थना है कि आपका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन हम सभी पर यूँ ही बना रहे।’
पूर्व मंत्री कल्ला ने भी दी शुभकामनाएं
पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने लिखा कि बीकानेर शहर के प्रकांड यज्ञाचार्य कर्मकांड भास्कर, शास्त्रों के ज्ञाता संस्कृति और ज्ञान के संवाहक विद्वान आदरणीय ऋषि रूप पंडित श्री नथमल जी पुरोहित को 100वें अवतरण दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। जन्मदिन के शुभ अवसर ईश्वर से स्वस्थ जीवन निरोगी काया की कामना करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि आपका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन हमेशा यूँ ही बना रहे।
इनके अलावा सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने गुरुदेव के 100वें प्राकट्य दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं विभिन्न संस्थाओं एवं आमजन ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें बधाई संदेश प्रेषित किए।



