



रघुनाथ बगीची में होगा आयोजन
बीकानेर // आचार्य वेणीदास परिवार का सामूहिक शिव पूजन और महाप्रसाद (गोठ) का आयोजन 7 अगस्त को बीकाजी की टेकरी के पास स्थित आचार्य रघुनाथ बगीची में होगा।
इसकी पूर्व तैयारियों से जुड़ी बैठक शुक्रवार देर शाम रघुनाथ बगीची में हुई। इसमें आचार्य महानंद ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. सत्य प्रकाश आचार्य, धरणीधर ट्रस्ट के अध्यक्ष नन्द किशोर आचार्य, रघुनाथ ट्रस्ट के अध्यक्ष ब्रह्मदत्त आचार्य, पोकर पोता ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. विजय शंकर आचार्य और बृजरतन आचार्य ने आमराय से पूजन की तिथि का निर्धारण किया। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले स्वजातीय बंधुओं को आमंत्रित करने और पूजन व्यवस्था सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। उल्लेखनीय है कि आचार्य वेणीदास परिवार द्वारा प्रतिवर्ष आचार्य जाति के सभी सदस्यों एवं सामूहिक गोठ का आयोजन सावन मास में किया जाता है। इसका आयोजन महानंद महादेव मंदिर, धरणीधर महादेव मंदिर और रघुनाथ मंदिर में बारी-बारी से किया जाता है। इसके तहत इस बार का आयोजन रघुनाथ मंदिर में होगा। इस दौरान महादेव का विशेष पूजन, श्रृंगार और आरती का आयोजन होगा। इसमें आचार्य परिवार के सभी सदस्यों सहित उनके परिजनों की भागीदारी रहेगी।
बैठक में पूर्व सरपंच रामकिशन आचार्य, दुर्गाशंकर आचार्य, नरेंद्र (लाला) आचार्य, कैलाश आचार्य, गणेश आचार्य और अनिल आचार्य सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।



