


बीकानेर // ऐतिहासिक गजनेर पैलेस में चोरी की वारदात सामने आई है। पैलेस परिसर स्थित सरदार निवास के एक कमरे का ताला तोड़कर अज्ञात चोर पुराने और कीमती पीतल, तांबा व कांसे के बर्तनों सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। घटना के बाद गजनेर थाने में मामला दर्ज कराया गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सरदार निवास परिसर के एक कमरे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो वहां रखा पुराना सामान गायब था। चोर अपने साथ पीतल, तांबा और कांसे के बर्तन ले गए, जिन्हें काफी पुराना और मूल्यवान बताया जा रहा है। इसके अलावा प्लास्टर चोरी होने की बात भी सामने आई है।
गजनेर पैलेस के मैनेजर नारायण सिंह राठौड़ ने गजनेर थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। रिपोर्ट में किसी भी व्यक्ति पर संदेह व्यक्त नहीं किया गया है। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पैलेस व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
गौरतलब है कि गजनेर पैलेस बीकानेर की सबसे प्रसिद्ध ऐतिहासिक धरोहरों में शामिल है। शहर से करीब 27 किलोमीटर दूर गजनेर झील के किनारे स्थित यह महल कभी बीकानेर रियासत की शाही शिकारगाह हुआ करता था। महाराजा गंगा सिंह ने वर्ष 1910 से 1913 के बीच गुलाबी बलुआ पत्थर से इसका निर्माण कराया था। करीब छह हजार एकड़ में फैला यह पैलेस आज देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है।
ऐतिहासिक महत्व वाले इस परिसर में चोरी की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का मानना है कि इतनी महत्वपूर्ण धरोहर में हुई सेंध सुरक्षा प्रबंधन की गंभीर खामी की ओर इशारा करती है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।



