आरएसएस का दिव्य शाखा संगम कल, 65 शाखाओं का एक स्थान पर होगा संगम

राजनीति

क्षेत्रीय प्रचारक निंबाराम का मिलेगा मार्गदर्शन

नागौर // एक स्थान, 65 संघ शाखाएं, 65 मुख्य शिक्षक, 65 कार्यवाह, 65 गण शिक्षक, 65 प्रवासी मूल्यांकन कर्ता कार्यकर्ता। समान मूल्यांकन पद्धति। ऐसा दिव्य व भव्य स्वरूप रविवार को दिखाई देगा शारदा बाल निकेतन के खेल परिसर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शाखा संगम में।

नागौर जिला मुख्यालय के चार मंडल शारदापुरम् , बंशीवाला, प्रताप व आवासन मंडल की 40 शाखा व नागौर ग्रामीण खंड की 25 शाखाओं के स्वयंसेवक एक साथ इस शाखा संगम में एकत्र आएंगे। लेकिन इन सभी स्वयंसेवकों को खेल परिसर में 65 रेखांकन युक्त मैदान में अपनी-अपनी संघ स्थान की कार्य पद्धति का प्रस्तुतीकरण करना होगा जिसका गुणवत्तापूर्ण मूल्यांकन किया जाएगा। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राजस्थान क्षेत्र प्रचारक निंबाराम का बौद्धिक पाथेय प्राप्त होगा। सवेरे ठीक पोने आठ बजे सभी स्वयंसेवक इस शाखा संगम के निमित्त संपत करेंगे जिसका समापन क्षेत्रीय प्रचारक के बौद्धिक के बाद ध्वजावतरण से किया जाएगा। इस अवसर पर सभी स्वयंसेवक खेल, आसन, समता आदि संघ स्थान की कार्य पद्धति का अपनी अपनी शाखा के अनुसार प्रत्यक्षीकरण करेंगे।