

नगरपरिषद में शहरी सेवा शिविर का किया निरीक्षण
नागौर // नागौर जिला प्रभारी व जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भू- जल विभाग मंत्री कन्हैयालाल चौधरी बुधवार को अपने दो दिवसीय दौरे के तहत नागौर पहुंचे, जहाँ उन्होंने नगरपरिषद परिसर में चल रहे शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया और विभागवार स्टॉल का अवलोकन कर शिविर में किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री चौधरी ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, राजस्व विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, चिकित्सा विभाग आदि के अधिकारियों से उनके विभाग की जन कल्याणकारी योजनाओं के लाभान्वितों के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही उन्होंने पशुपालन विभाग, रसद विभाग, अजमेर विद्युत वितरण निगम से शिविर में किये गए कार्यों के संबंध में प्रगति की जानकारी प्राप्त की और अधिक से अधिक आमजन को लाभांवित करने के निर्देश प्रदान किए। इस दौरान उन्होंने डिस्कॉम के अधिकारियों से बिजली आपूर्ति, ट्रांसफार्मर की पावर क्षमता, जीएसएस की स्थिति आदि के बारे में जानकारी ली तथा डिस्कॉम अधिकारियों को सक्रियता से कार्य करते हुए आमजन को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने डिस्कॉम अधिकारियों को बिजली आपूर्ति को लेकर विद्युत व्यवस्था में सुधार करने तथा हर समय अपडेट रहने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने शिविर मे नन्हें बच्चे के साथ पहुंची महिला से उनको मिलने वाली सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी ली तथा नन्हे बच्चे को अपने हाथ से अन्नप्राशन भी करवाया और इसके बाद नकद उपहार भी प्रदान किया।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री चौधरी ने शिविर में लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 की किस्त के चैक और आवासीय पट्टे भी वितरित किए। जिला प्रभारी मंत्री चौधरी ने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य आमजन को अधिक से अधिक लाभान्वित करना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविर संचालित किये जा रहे है। उन्होंने कहा कि शिविरों में उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं से आमजन को राहत मिल रही हैं। इन शिविरों के माध्यम से सफाई व्यवस्था सुदृढ़ बनाने, ब्लैक स्पॉट समाप्त करने, सड़कों, नालियों व सीवर लाइनों की मरम्मत, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट्स को दुरुस्त करने, शहर के विभिन्न पार्कों व चौराहों के सौंदर्यकरण सहित अनेक जन उपयोगी कार्य किए जा रहे हैं।
इस दौरान उन्होंने आमजन की समस्याओं की सुनवाई भी की और सम्बंधित विभागों को समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए। जिले के प्रभारी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने शिविर में आए विकलांग लाभार्थियों को व्हीलचेयर भी सौंपी।
जिला प्रभारी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी गुरुवार को भी जिले के दौरे पर रहेंगे, इस दौरान प्रभारी मंत्री जिले में ग्रामीण सेवा शिविरों का अवलोकन करेंगे तथा जिला मुख्यालय पर टाउन हॉल में आयोजित मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव में भाग लेंगे।
इस अवसर पर जिला कलक्टर अरुण कुमार पुरोहित, अतिरिक्त जिला कलक्टर चंपालाल जीनगर, नगरपरिषद आयुक्त गोविंद सिंह भींचर सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



