



नागौर में आगामी 6 अप्रैल को रामनवमी पर निकलेगी शोभायात्रा, हाथी पर राम दरबार और महानंदी पर शिव-पार्वती की झांकी रहेगी, तैयारियां जोरों पर
नागौर // शहर में आगामी 6 अप्रैल को रामनवमी के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकालने की तैयारी की जा रही है। सर्व सनातन समाज की सहभागिता और विश्व हिंदू परिषद के मार्गदर्शन में श्रीरामनवमी महोत्सव समिति के तत्वावधान में कार्यक्रम का आयोजन होगा। करीब साढ़े 4 घंटे चलने वाली इस शोभायात्रा को सफल बनाने के लिए युद्ध स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। इस शोभायात्रा में पहली बार कोई अन्तर्राष्टीय सेलिब्रिटी भी भाग ले रहे हैं। मुख्य आकर्षण विश्वस्तरीय रेसलर द ग्रेट खली होंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपने नागौर आगमन की सूचना भी वायरल की है।
खत्रीपुरा से शुरू होकर बख्तसागर तालाब पर संपन्न होगी शोभायात्रा
रामनवमी महोत्सव आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने गुरूवार को प्रेस कांफ्रेंस में रामनवमी शोभायात्रा की रूपरेखा पर विस्तार से जानकारी दी। समिति के अध्यक्ष सूरजमल भाटी ने बताया कि शोभायात्रा रविवार शाम 4 बजे नागौर के खत्रीपुरा स्कूल मैदान से शुरू होगी। शोभायात्रा बख्त सागर तालाब स्थित जलेश्वर महादेव मंदिर पर पहुंचकर संपन्न होगी। इस बार की यात्रा में मुख्य आकर्षण का केंद्र अंतर्राष्ट्रीय रेसलर द ग्रेट खली रहेंगे । यात्रा के दौरान शिव बारात में विशाल नंदी पर सवार शिव-पार्वती, पंजाबी बैंड, बाहुबली हनुमान, 21 शंखवादकों का घोष, स्थानीय ढोल वादकों की प्रस्तुति और देशी श्रंगार से श्रंगारित ऊंट, बैल, हाथी प्रमुख आकर्षण होंगे। अलग-अलग समाज के लोग पारंपरिक परिधान पहनकर शोभायात्रा में शामिल होंगे। शोभायात्रा में सबसे आगे हाथी पर सवार राम दरबार की झांकी निकलेगी। जनसंपर्क करते हुए 10 हजार पत्रक बांटे गए हैं। आयोजन समिति अध्यक्ष सूरजमल भाटी ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए आमजन का भरपूर सहयोग मिल रहा है। नागौर से 30 किमी. परिधि क्षेत्र के ग्रामीणों से संपर्क करके शोभायात्रा में पहुंचने का आह्वान किया गया है। सभी जगह 78 से अधिक समाज के लोगों से मुलाकात की जा रही है, जिन गांवों में दिन में रामनवमी के धार्मिक आयोजन होंगे वे भी समूह बनाकर शाम को नागौर की शोभायात्रा में शामिल होंगे। सर्वसमाज के लोगों से सजीव झांकियों, सामाजिक सहयोग और सभी लोगों को साथ लेकर पहुंचने का सहयोग लिया जाएगा। शोभायात्रा के माध्यम से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करने और पर्यावरण संरक्षण का जनोपयोगी संदेश भी दिया जाएगा। शोभायात्रा मार्ग में हर जगह तांबे के लोटे और गैर प्लास्टिक पात्रों का उपयोग किया जाएगा।

शोभायात्रा मों 500 कार्यकर्ता संभालेंगे विभिन्न मार्गों पर मोर्चा
समिति के उपाध्यक्ष रामेश्वर सारस्वत ने बताया कि शोभायात्रा खत्रीपुरा स्कूल से विजय वल्लभ चौक, दिल्ली दरवाजा, गांधी चौक, नकास गेट, श्रीराम चौराहा, रेलवे स्टेशन सर्किल, परशुराम सर्किल, अहिंसा सर्किल, नया दरवाजा, भूतनाथ मंदिर होते हुए बख्तासागर तालब की पाल पर स्थित जलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी। आयोजन के लिए 500 लोगों की टीम ने जिम्मेदारी संभाली है। शोभायात्रा के समापन पर भव्य आतिशबाजी और महाआरती होगी। इसके लिए 64 टोलियां संपर्क अभियान में लगी है। प्रत्येक टोली में करीब 4 लोगों को रखा गया है। समिति के मार्गदर्शक नागरचंद भार्गव ने बताया कि इस बार शोभायात्रा में झांकियां बढ़ेंगी। पिछली बार से ज्यादा स्कूलों और समाज के लोगों ने झांकियों के प्रदर्शन की इच्छा जताई है।
बड़ी संख्या में भाग लेंगी महिलाएं, व्यापारी भी प्रतिष्ठान बंद रख होंगे शामिल
समिति उपाध्यक्ष इंदू चौधरी ने बताया कि नागौर की हर बस्ती की महिला संगठनों से संपर्क किया गया है। शोभायात्रा में महिलाओं की भी बराबर की भागीदारी रहेगी। कोषाध्यक्ष दिलीप पित्ती ने बताया कि रविवार होने के कारण व्यापार मंडल ने स्वैच्छिक बंद रखकर शोभायात्रा में शामिल होने का भरोसा दिलाया है। भामाशाहों के साथ ही आमजन भी आयोजन के आर्थिक संचालन में जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
स्थानीय कलाकारों की भी रहेगी सहभागिता
समिति की मंत्री नीलू खड़ोलिया ने बताया कि आयोजन समिति से जुड़ी टोलियां यात्रा मार्ग, ध्वज व्यवस्था, प्रचार-प्रसार, साज-सज्जा, जनसंपर्क, पार्किंग व्यवस्था, विभिन्न गतिविधियां, अनुशासन, आतिशबाजी, आगंतुक वर्ग, झांकी व्यवस्था समेत विभिन्न व्यवस्थाएं करेंगी। नागौर के स्थानीय लोक कलाकार भी शोभायात्रा में शामिल होंगे।
इस दौरान शिवकुमार राव, मनीष शर्मा, मेघराज राव, प्रचार प्रमुख गौरव भाटी आदि मौजूद थे।



