



नागौर // किसी भी समाज में जन्म लेकर उस समाज के विकास की परंपरा को साकार करने के लिए धार्मिक क्षेत्र के लोग, राजनीतिक क्षेत्र के लोग, सामाजिक क्षेत्र के लोग व सभी वर्गों को साथ लेकर उसके विकास की परिकल्पना को साकार करने का संकल्प लेते हैं। यह बात रविवार को एक दिवसीय दौरे पर नागौर आए गृह, गोपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने शहर के श्रीराम कॉलोनी स्थित देवनारायण भगवान मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर कही।

इस दौरान उन्होंने कहा कि यह देश संस्कृति और विरासत का देश है। यह देश संत महात्माओं की प्रेरणा से चलने वाला देश है। इस देश में वेद पुराणों से पदस्थापित व्यवस्थाएं हमारे धार्मिक ग्रंथो में संत महात्माओं की वाणी द्वारा चलती आ रही है। आज अनुकूल समय है कि देश की संस्कृति का संरक्षण हो, विरासत का भी संरक्षण हो और विरासत का संरक्षण हम सब मिलकर कर पाएंगे तो हमारी आने वाली पीढ़ियां उन संस्कारों को आत्मसात करके हमारे पूर्वजों का नाम रोशन करने के लिए संकल्पबद्ध होगी। उन्होंने मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान आयोजित कार्यक्रम में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि देवनारायण भगवान ने हजारों वर्ष पूर्व राजस्थान की धरती से किसान उत्थान की बात की। निश्चित रूप से सामाजिक चेतना और सामाजिक विकास यह दोनों पहलू वर्तमान समय में हमें आगे रखने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों का विकास करने से हमें ऊर्जा मिलती है मार्गदर्शन मिलता है लेकिन साथ साथ शिक्षा के प्रचार प्रसार की भी बात करना जरूरी है। इस दौरान उन्होंने कहा कि नागौर का समाज अग्रणी समाज है, सभी लोग अपने-अपने तरीके से संस्कृति को आगे बढ़ाने की बात करते हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि पाश्चात्य संस्कृति के कारण हमारी संस्कृति पर विपरीत असर पड़ा है जिससे परिवार टूटने लगे हैं और परिवार टूटने से हमारी एकता खंडित होने लगी है। उन्होंने कहा कि भगवान देवनारायण मंदिर प्रांगण में सभी को भाईचारा स्थापित करने का संकल्प लेना चाहिए, अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति को गले लगाकर आगे बढ़ने का काम करोगे तो निश्चित रूप से हमारे विचार देवनारायण भगवान की सोच को बल देने वाले होंगे।
कार्यक्रम के बाद वार्ड पार्षद एडवोकेट गोविंद कड़वा सहित स्थानीय लोगों ने मुख्य सड़क से देवनारायण भगवान मंदिर तक सीसी ब्लॉक व अधूरे पड़े सीवरेज प्लान को पूर्ण करवाने की मांग की। जिस पर राज्य मंत्री ने भाजपा जिला अध्यक्ष रामधन पोटलिया को नगर परिषद के सहयोग से कार्य शीघ्र पूर्ण करवाने के लिए कहा।



