बीकानेर में घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस परियोजना का शुभारंभ

प्रशासन

अब घरेलू गैस की बुकिंग कराने व सिलेण्डर का इंतजार करने से मिलेगी मुक्ति

बीकानेर // शहर में स्वच्छ, सुविधाजनक और आधुनिक ऊर्जा व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस परियोजना का शुभारंभ बीकानेर के रथखाना क्षेत्र से किया गया। परियोजना का शुभारंभ प्रदेश प्रवक्ता एवं महापौर प्रत्याशी डॉ. सुरेंद्र सिंह ने किया।

घरेलू पीएनजी गैस परियोजना के माध्यम से घरों तक पाइपलाइन द्वारा प्राकृतिक गैस की आपूर्ति की जाएगी। इससे उपभोक्ताओं को रसोई में गैस की सुविधाजनक आपूर्ति के साथ सिलेंडर बुकिंग, डिलीवरी का इंतजार करने, भंडारण और सिलेंडर बदलने जैसी परेशानियों से राहत मिलेगी। पीएनजी यानी पाइप्ड नेचुरल गैस प्राकृतिक गैस है, जिसकी आपूर्ति पाइपलाइन के माध्यम से सीधे घरों तक की जाती है। इसमें मुख्यतः मीथेन होती है। पारंपरिक ठोस ईंधनों की तुलना में प्राकृतिक गैस का उपयोग स्थानीय वायु प्रदूषण को कम करने में सहायक हो सकता है। इस प्रकार, पीएनजी का विस्तार आधुनिक घरेलू सुविधाओं के साथ स्वच्छ ऊर्जा को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण है।

शहर के विकास में ये परियोजना महत्वपूर्ण- सुरेंद्र सिंह

इस अवसर पर डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत ने परियोजना को बीकानेर के लिए सौभाग्य की बात बताते हुए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि घरेलू पीएनजी परियोजना नागरिक सुविधाओं के आधुनिकीकरण और शहर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। आज जब पूरी दुनिया युद्ध, भू-राजनीतिक तनाव और अंतरराष्ट्रीय आपूर्ति शृंखलाओं में व्यवधान जैसी चुनौतियों का सामना कर रही है, तब ऊर्जा सुरक्षा का महत्व और बढ़ जाता है। ऐसे समय में ऊर्जा आपूर्ति के विविध विकल्पों और मजबूत वितरण नेटवर्क का विकास आवश्यक है। पीएनजी जैसी आधुनिक व्यवस्था घरेलू उत्पादन, विविध आपूर्ति स्रोतों और मजबूत ऊर्जा अवसंरचना का विकास देश की दीर्घकालीन ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने में सहायक हो सकता है।

गैसोनेट के ग्रुप सीईओ ब्रजेश सिंह ने बताया कि पीएनजी कनेक्शन का सबसे बड़ा लाभ इसकी सुविधाजनक आपूर्ति व्यवस्था है। उपभोक्ताओं को बार-बार गैस सिलेंडर बुक करने, उसकी डिलीवरी का इंतजार करने और सिलेंडर बदलने की जरूरत नहीं होगी। पाइपलाइन के माध्यम से घर तक गैस की आपूर्ति होने से रसोई का काम आसान होगा और उपभोक्ता मीटर में दर्ज खपत के अनुसार भुगतान कर सकेंगे। इससे घरेलू ऊर्जा व्यवस्था अधिक सुविधाजनक और आधुनिक बने।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष विक्रम सिंह भाटी, गैसोनेट के ग्रुप सीईओ ब्रजेश सिंह, संस्थापक बी.एस. नेगी, बुधाराम सियाग, संस्कार प्रोजेक्ट से नरेंद्र तिवारी, सुरेंद्र सिंह एवं संदीप तिवारी , रथखाना क्षेत्र से महेश केशवानी, सतीश जी, बाबू, दौलत जी, धीरज झाम्ब, दुर्गेश सचदेवा, गुलाब चंद जी, जगदीश खत्री, कांतिलाल खत्री सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।