नागौर जिले में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत तीन ब्लॉक पर जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित

प्रशासन

महिलाओं ने लिया बाल विवाह रोकथाम का संकल्प

नागौर। जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन (JRC), राजस्थान महिला कल्याण मंडल (RMKM), नागौर तथा संबंधित विभागों के संयुक्त सहयोग से 27 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले बाल विवाह मुक्त भारत अभियान एवं अंतरराष्ट्रीय बाल, प्रारंभिक एवं जबरन विवाह उन्मूलन दिवस के उपलक्ष्य में नागौर जिले के डेगाना, खींवसर एवं रियांबड़ी ब्लॉक के सैंसड़ा गांव में जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से बाल विवाह की रोकथाम, बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति आमजन को जागरूक किया गया। महिलाओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, साथिनों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

डेगाना में महिलाओं ने ली बाल विवाह रोकथाम की शपथ

डेगाना स्थित राजीव गांधी सेवा केंद्र, पंचायत समिति में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 40 महिलाओं ने बाल विवाह रोकने, अपने परिवार एवं समाज में जागरूकता फैलाने तथा बाल विवाह की सूचना संबंधित विभागों तक पहुंचाने की शपथ ली। कार्यक्रम में महिला अधिकारिता विभाग की सुपरवाइजर सोनिया, धीरज कंवर, कांता बिश्नोई एवं तीजा चौधरी सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं साथिन उपस्थित रहीं।

खींवसर में बालिकाओं की शिक्षा एवं सुरक्षा पर दिया जोर

खींवसर स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 30 महिलाओं ने बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी मालाराम, महिला अधिकारिता विभाग की सुपरवाइजर साजिदा एवं अनीता, बाल अधिकारिता विभाग नागौर से राहुल तथा CHO महेंद्र उपस्थित रहे। राजस्थान महिला कल्याण मंडल की ओर से जिला समन्वयक गरिमा सिंह, नीलम, शिवलाल एवं गणेशराम ने सहभागिता की।

सैंसड़ा गांव में लोकगीतों के माध्यम से दिया जागरूकता का संदेश

रियांबड़ी ब्लॉक के सैंसड़ा गांव में आयोजित कार्यक्रम में राजस्थानी लोकगीतों के माध्यम से बाल विवाह रोकथाम का संदेश दिया गया। गीतों के जरिए ग्रामीणों से बेटियों को कम उम्र में विवाह के बंधन में बांधने के बजाय उन्हें शिक्षा दिलाने, उनके सपनों को पूरा करने एवं आत्मनिर्भर बनाने की अपील की गई। कार्यक्रम में महिला पर्यवेक्षक अनीता रसाल, शारदा देवी, विमला देवी, आशा सहयोगिनी संजू देवी, उगमा देवी, ग्राम साथिन रुखसाना बानो, चांद बानो, बाजू, मुन्नी, रामरतन, शिलपाल सिंह सहित अन्य ग्रामीण एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सामूहिक प्रयासों से बनेगा बाल विवाह मुक्त भारत

राजस्थान महिला कल्याण मंडल की जिला समन्वयक गरिमा सिंह राठौड़ ने कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए प्रशासन, संबंधित विभागों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, साथिनों, सामाजिक संगठनों एवं समुदाय का सामूहिक प्रयास आवश्यक है। बाल विवाह रोकना केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को शिक्षा, सुरक्षा एवं समान अवसर प्रदान करना तथा उनके बचपन को सुरक्षित रखना हम सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए। बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण के लिए प्रत्येक परिवार एवं समुदाय को आगे आकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। 27 नवंबर को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के कार्यक्रम के तहत जिले में जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता एवं बाल विवाह रोकथाम के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।