नागौर : गर्मी को देखते हुए भाविप ने की रेल यात्रियों के लिए ठंडी छाछ व जल की सेवा

समाज

नागौर // भीषण गर्मी को देखते हुए रेलयात्रियों की सहायता हेतु भारत विकास परिषद् शाखा नागौर द्वारा छाछ और जल सेवा की गई। परिषद् की नागौर शाखा के अध्यक्ष रामानुज मालाणी ने बताया कि नागौर के रेलवे स्टेशन पर विगत 25 वर्षों से जाजू परिवार द्वारा निर्मित स्थायी जल प्याऊ निरंतर संचालित है। प्रतिदिन इस प्याऊ के माध्यम से हजारों यात्रियों को शीतल जल सेवा की जाती है। परिषद् के अर्थ सौजन्य से चलने वाली इस प्याऊ से नलों द्वारा यात्री लोग ठंडा पानी पीते हैं और अपने पात्र बोतल, केतली आदि भरते हैं। सेवाभावी लोगों की टोली ट्रेन के कोचेज की खिड़कियों तक जाकर जल सेवा करती है।

इसी क्रम में नागौर शाखा के सदस्यों द्वारा वैशाख माह की तपती धूप में स्टेशन पर जाकर पीने हेतु छाछ सेवा भी की गई। भीषण गर्मी की तपन में छाछ पीकर यात्रियों ने राहत की सांस ली और इस पुण्य कार्य के लिए साधुवाद भी दिया।

इस छाछ सेवा में परिषद् के प्रांतीय समन्वयक नृत्यगोपाल मित्तल, वित्त सचिव विकास सोनी, बजरंग लाल शर्मा, प्रेमरतन अग्रवाल, चरण प्रकाश डागा, केशव चांडक, योगेश सोनी, सुनील भार्गव, सत्यनारायण वैष्णव, राजेंद्र डागा, शरद कुमार जोशी के साथ सेवाभावी कार्यकर्ताओं कैलाश मूथा, सुखदेव मनिहार, मुकुंद सेन, शिवराज तिवाड़ी, गजेंद्र माथुर,भवानी शंकर व्यास व मोहनलाल रांकावत आदि ने सहयोग किया।