

जिला प्रभारी मंत्री व राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष के सानिध्य में हुआ कार्यक्रम
नागौर // मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव के तहत नागौर में जिला स्तरीय कार्यक्रम टाउन हॉल में जिला प्रभारी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी व राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष सीआर चौधरी के सानिध्य में हुआ। माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बिड़ला आडिटोरियम जयपुर से प्रदेशभर के नवनियुक्त कार्मिकों से संवाद कर शुभकामनाएं दी और 30 हजार करोड़ से अधिक विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण किया ।
इस मौके पर जिले के पांच सौ से अधिक नवनियुक्त कर्मयोगियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। नवकार्मिकों को कार्यक्रम में वेलकम किट देकर सम्मानित किया गया। इन्हें वेलकम में मुख्यमंत्री का संदेश, लोकसेवक के कर्त्तव्य, दायित्व और अपेक्षाओं के वर्णन वाली पुस्तकें दी गईं। इनमें चिकित्सा, पुलिस, वित्त विभागों के कार्मिक शामिल रहे।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में मेड़ता विधायक लक्ष्मणराम कलरु, खींवसर विधायक रेवंतराम डांगा, जिला प्रमुख भागीरथ चौधरी, नगरपरिषद सभापति श्रीमती मीतू बोथरा, जिला कलक्टर अरुण कुमार पुरोहित, पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस, भाजपा जिलाध्यक्ष रामनिवास सांखला, भाजपा नागौर देहात जिलाध्यक्ष गजेंद्र सिंह ओडिंट, सहित जिला स्तरीय अधिकारीगण व युवा मौजूद रहे।



