नियुक्ति पत्र पाकर खिले चेहरों से जताया मुख्यमंत्री का आभार

प्रशासन

राजस्थान दिवस साप्ताहिक महोत्सव के तहत रोजगार उत्सव एवं युवा सम्मेलन आयोजित

नागौर // राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार राजस्थान दिवस साप्ताहिक महोत्सव के तहत शनिवार को रोजगार उत्सव एवं युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में कोटा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का वीसी के माध्यम से प्रसारण टाउन हॉल में किया गया। इस दौरान नवनियुक्त कार्मिकों ने नियुक्ति पत्र पाकर खिले चेहरों से माननीय मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला कलक्टर अरुण कुमार पुरोहित, उपखण्ड अधिकारी मूण्डवा लाखाराम, सीएमएचओ जुगल किशोर सैनी, प्राचार्य हरसुख छंरग सहित अन्य मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के संबोधन के पश्चात अतिथियों द्वारा नवनियुक्त चयनित कार्मिकों को वेलकम किट और नियुक्ति पत्र सौंपे गए।

जिला कलक्टर पुरोहित ने 362 नवनियुक्त कार्मिकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्रनिर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए युवा देश-प्रदेश के विकास में सकारात्मक
योगदान दें। नवनियुक्त कर्मयोगियों में 301 स्वास्थ्य सेवाओं व अन्य कॉलेज शिक्षा, महिला एवं बाल विकास व पुलिस विभाग के थे।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री महोदय द्वारा स्कूल के विद्यार्थियों को 300 करोड़ रुपए से अधिक की राशि हस्तान्तरण कर स्किल नीति और युवा नीति का विमोचन किया गया। मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान के तहत जिला मुख्यालयों पर रोजगार मेलों का आयोजन भी किया गया।