



सेवा भारती समिति, नागौर की बाल संस्कार शिक्षकों की बैठक संपन्न
नागौर // सेवा भारती समिति, नागौर द्वारा संचालित बाल संस्कार केंद्रों के सभी शिक्षकों की एक बैठक आयोजित की गई। जिसमें विभाग शताब्दी विस्तारक रुद्र कुमार शर्मा, जिला उपाध्यक्ष नागचंद्र भार्गव एवं स्वास्थ्य आयाम प्रमुख अखिलेश सहित केंद्रों के शिक्षकगण उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत रुद्र कुमार शर्मा के स्वागत उद्बोधन से हुई। उन्होंने बाल संस्कार केंद्रों में व्यावहारिक ज्ञान, पर्यावरण चेतना एवं परिवार कल्याण से संबंधित पाठ्यक्रम को और सशक्त बनाने की दिशा में अपनी पहली प्रस्तुति प्रस्तुत की। रुद्र कुमार ने कहा, “यदि हम बच्चों में बचपन से ही पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जिम्मेदारियों की भावना जगाएँ, तो आने वाली पीढ़ियाँ स्वावलंबी होने के साथ-साथ सामाजिक संवेदनशील भी बनेगी।”
जिला उपाध्यक्ष नागरचंद्र भार्गव ने बाल शिक्षा में संस्कार और आत्मविश्वास निर्माण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने सुझाव दिया कि केंद्रों में नियमित रूप से सामूहिक कार्यशालाएँ एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएँ, जिनसे बच्चों का पठन-पाठन के साथ व्यक्तित्व विकास भी सुनिश्चित हो सके।स्वास्थ्य आयाम प्रमुख अखिलेश ने केंद्रों में बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य निगरानी पर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने माताओं–अभिभावकों को सामूहिक स्वास्थ्य शिविरों में शामिल करने और सामुदायिक स्तर पर स्वच्छता अभियानों को मजबूत करने की अनुशंसा की।
बैठक के अंत में सभी शिक्षकों ने केंद्रों की वर्तमान चुनौतियों एवं संभावनाओं पर खुलकर विचार-विमर्श किया तथा आगामी कार्यक्रम तिथि, कार्ययोजनाएँ एवं संसाधन प्रबंधन के मसलों पर सहमति बनाई। सेवा भारती समिति ने सभी केंद्रों को आवश्यक सामग्री आपूर्ति और मासिक मूल्यांकन रिपोर्टिंग की गाइडलाइन भी जारी की। इस मौके पर केंद्र संचालिका मनीषा, पदमा जावा, निर्मला, सुमित्रा, योगिता, लक्ष्मी, अंजलि, अलका, आदि मौजूद रहे।



