



डीआरयूसीसी सदस्य पचीसिया व जेडआरयूसीसी सदस्य मित्तल ने की आशीष कुमार से मुलाकात
बीकानेर // जिला उद्योग संघ अध्यक्ष एवं डीआरयूसीसी सदस्य द्वारकाप्रसाद पचीसिया, जेडआरयूसीसी सदस्य नरेश मित्तल, अनंतवीर जैन एवं उद्यमी श्यामसुंदर सोनी एवं भंवरलाल चांडक ने बीकानेर से स्थानांतरित हुए मंडल रेल प्रबंधक डॉ आशीष कुमार से मुलाकात कर उनके द्वारा बीकानेर मंडल की रेल सेवाओं में किये गए विस्तार हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया।
जेडआरयूसीसी सदस्य नरेश मित्तल ने बताया कि बीकानेर मंडल रेल प्रबन्धक पर रहते हुए डॉ. आशीष कुमार ने बीकानेर मंडल में 100% विद्युतीकरण का कार्य हुआ है, जिसके अंतर्गत सूरतगढ़- लालगढ़- फलोदी खंड में विद्युत इंजन से गुड्स ट्रेनें चल रही हैं। इनके कार्यकाल में ही सूरतगढ़ –भटिंडा – बीकानेर खंड में विद्दुत इंजन से सवारी गाड़ियां चलने की शुरुआत हुई है। वर्तमान में बीकानेर मंडल में लगभग 114 पैसेंजर ट्रेन एवं लगभग 75 मालगाड़ियां विद्युत इंजन से चल रही हैं । साथ ही रेलकर्मियों के स्वास्थ्य को लेकर भी अभूतपूर्व कार्य किये गए जिसमें क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट की नियुक्ति लालगढ़ रेलवे हॉस्पिटल में की गई है। जिससे रेलकर्मी तनाव प्रबंधन व बेहतर मानसिक स्वास्थ्य हेतु इलाज एवं टिप्स ले रहे हैं।
जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष डीपी पचीसिया ने बताया कि सूरतगढ़ में 02 वॉशिंग लाइनों की स्वीकृति रेलवे बोर्ड से मिली है। हनुमानगढ़ में 1 वॉशिंग लाइन तैयार हो चुकी है, जो शीघ्र ही गाड़ियों के अनुरक्षण हेतु उपयोग में लाई जा सकेगी । डॉ आशीष कुमार द्वारा प्लेटफार्म और फुट ओवरब्रिज से संबंधित कार्य करते हुए 13 स्टेशनों के प्लेटफार्म को ऊंचा करने का काम किया गया है। उन्होंने बताया कि आशीष कुमार ने बतौर बीकानेर डीआरएम रहते हुए ड्यूटी पर तैनात लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर हेतु चाय और गर्म पानी की सुविधा भी लागू की गई। इससे लोको पायलटो व रेल मैनेजरों को राहत मिली है। साथ ही लालगढ़ – बीकानेर ईस्ट रेलवे दोहरीकरण का कार्य स्वीकृति हेतु बोर्ड को भेजा गया हैl इसके साथ ही बीकानेर रेल मंडल पर जून माह में माल भाडे से प्राप्त आय में गत वित्तीय वर्ष 2024 -25 की तुलना में इस वित्तीय वर्ष 2025- 26 में 18.67% की वृद्धि हुई है। तथा बीकानेर की जनता की सबसे बड़ी समस्या सांखला फाटक एवं कोट गेट फाटक की समस्या का समाधान करते हुए अनुमोदित प्लान राज्य सरकार को भेजा गया है।



