



नागौर // राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक डाॅ. अमित यादव ने बुधवार को नागौर व डीडवाना-कुचामन जिले के राजकीय चिकित्सा संस्थानों का औचक निरीक्षण किया।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक डाॅ. अमित यादव ने बुधवार सुबह डीडवाना-कुचामन जिले के राजकीय चिकित्सालय, मकराना का औचक निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने नागौर जिले की खींवसर तथा जायल के राजकीय चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया। मिशन निदेशक डाॅ. यादव ने राजकीय चिकित्सालयों का निरीक्षण करते हुए वहां नियुक्त मेडिकल स्टाॅफ को पूरे गणवेश में रहने, साफ-सफाई रखने, मरीजों के साथ सद्व्यवहार रखने तथा राज्य सरकार की ओर से संचालित जन स्वास्थ्य कल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ दिए जाने के निर्देश दिए। डाॅ. यादव ने निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों व मेडिकल स्टाॅफ को यह सीख भी दी कि राज्य सरकार की ओर से चिकित्सा संस्थानों में मरीजों के लिए उपलब्ध संसाधनों का गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए पूर्ण उपयोग करें। लेबर रूम व ओटी रूम को निर्धारित मापदण्डों के अनुसार अत्यआधुनिक उपकरणों व सुविधाओं से पूर्ण रखें। डाॅ. यादव ने निरीक्षण के दौरान संबंधित चिकित्सा संस्थानों में वर्तमान चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल स्टाॅफ की जानकारी लेने के साथ-साथ ओपीडी व आईपीडी मरीजों, दवाईयों की उपलब्धता सहित राज्य सरकार की ओर से संचालित जन स्वास्थ्य कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वितों की प्रगति रिपोर्ट भी ली और यहां सुविधाओं के विस्तार को लेकर निर्देश दिए। मिशन निदेशक के साथ निरीक्षण के दौरान इंडीग्रेटेड एम्बुलेस सेवाओं के राज्य नोडल अधिकारी डाॅ. महेश सचदेवा, नागौर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. जुगल किशोर सैनी, एनएचएम की भवन निर्माण शाखा के मुख्य अभियंता मुकेश शर्मा तथा अधीक्षण अभियंता पी.पी. जैन, मकराना, जायल व खींवसर के राजकीय अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी भी मौजूद रहे।
खींवसर में डायलिसिस सुविधा जल्द शुरू करने के निर्देश
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेषक डाॅ. अमित यादव बुधवार दोपहर बाद खींवसर के जिला अस्पताल पहुंचे। मिशन निदेशक यादव ने जिला अस्पताल में डायलिसिस कक्ष को देखा और प्रमुख चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि यहां जल्द से जल्द कीडनी रोगियों के लिए डायलिसिस की सुविधा शुरू करने के निर्देष दिए। उन्होंने खींवसर के जिला अस्पताल का निरीक्षण करते हुए वहां आपातकालीन इकाई, एक्स-रे रूम, प्रयोगशाला, ओपीडी रूम, पंजीकरण कक्ष, मेल वार्ड आॅपरेशन थियेटर में व्यवस्थाओं को देखा और इनमें गुणवत्तात्मक सुधार को लेकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. जुगल किशोर सैनी व प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डाॅ. रामजीत टाक को आवष्यक दिशा-निर्देश दिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक डाॅ. अमित यादव ने खींवसर में निर्धारित मापदण्डों के अनुसार जिला अस्पताल के नए भवन के लिए निर्धारित जगह को देखा और अस्पताल परिसर के नए प्रस्तावित मैप पर परियोजना निदेशक एनएचएम की भवन निर्माण शाखा के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता पी.पी. जैन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा प्रमुख चिकित्सा अधिकारी के साथ विचार-मंथन किया और इसके निर्माण को लेकर आगामी प्रक्रिया पर विचार मंथन किया। इस दौरान एनएचएम के जिला कार्यक्रम अधिकारी राजीव सोनी, बीसीएमओ खींवसर डाॅ. श्रीफल मीणा, एपिडेमोलाॅजिस्ट साकिर खान सहित विभाग के जिला एवं ब्लाॅक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।



