



एसपी मृदुल कच्छावा और सरजूदास महाराज को दिया गया निमंत्रण
बीकानेर // शहर में परिवारों को जोड़ने और स्वस्थ समाज के निर्माण के उद्देश्य से आयोजित होने वाले “रिश्तों की राह: दो कदम अपनों के संग” कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बीकानेर के एसपी मृदुल कच्छावा एवं कैलाश झरोखा धाम के संत सरजूदास जी महाराज को कार्यक्रम में शामिल होने हेतु सादर आमंत्रित किया गया।
इस अवसर पर सरजूदास जी महाराज ने कहा कि बीकानेर में इस प्रकार का आयोजन होना शहर के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इसे रोकने के लिए परिवारों का मजबूत होना अत्यंत आवश्यक है। परिवारों को जोड़ने वाला यह आयोजन समाज के लिए एक सराहनीय पहल है। उन्होंने दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित होने चाहिए, ताकि समाज में एकता का संदेश निरंतर प्रसारित होता रहे।
दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन की टीम इस आयोजन की तैयारियों एवं प्रचार-प्रसार में सक्रिय रूप से जुटी हुई है। टीम के सदस्य शहर के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में पहुंचकर अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि बीकानेर का हर परिवार इस पहल का हिस्सा बन सके।
फाउंडेशन की निदेशक निशा लिम्बा ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बीकानेर के परिवारों को एक मंच पर लाकर फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सामाजिक एकता को सुदृढ़ करना है। उन्होंने शहरवासियों से इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर टीम के सदस्य रुद्राक्ष, साक्षी राठौड़, निशा सहारण, कुसुम, हिताशा रावत, अभिषेक एवं प्रेक्षा उपस्थित रहे।
15 मई को आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम बीकानेर में सामाजिक एकता, पारिवारिक जुड़ाव और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।



