सेवा दिवस के रूप में मनाएंगे पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का जन्मदिन, होंगे विभिन्न आयोजन

राजनीति

बीकानेर // पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के जन्मदिन (3 मई) को शहर में सेवा कार्यों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के तत्वावधान में पूरे जिले में विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जरूरतमंदों की सहायता और पशु सेवा पर विशेष ध्यान रहेगा।

समिति के जिला संयोजक संजय आचार्य ने बताया कि कार्यक्रम के तहत गोशालाओं में गायों को चारा डाला जाएगा तथा अपना घर आश्रम में रह रहे जरूरतमंदों को भोजन और आवश्यक सामग्री वितरित की जाएगी। इसके साथ ही अन्य स्थानों पर भी सेवा कार्यों की रूपरेखा तैयार की गई है, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक मदद पहुंच सके।

गौरतलब है कि अशोक गहलोत ने अपने जन्मदिन को लेकर कार्यकर्ताओं से विशेष अपील की है कि वे जयपुर आने की बजाय अपने-अपने जिलों में रहकर सेवा कार्य करें। उन्होंने भीषण गर्मी को देखते हुए यह निर्णय लिया है, ताकि संसाधनों का उपयोग जरूरतमंदों की मदद में किया जा सके।

कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर जिला संयोजक संजय आचार्य और पूर्व मेयर मकसूद अहमद सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। दोनों के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं की टीम अलग-अलग स्थानों पर सेवा गतिविधियों को अंतिम रूप देने में लगी है।