



नागौर जिला मुख्यालय पर 16 बस्ती में होंगे 16 पथ संचलन
नागौर // असत्य पर सत्य व अधर्म पर धर्म की विजय के प्रतीक उत्सव विजयादशमी के साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना शताब्दी वर्ष के कार्यक्रम प्रारंभ होंगे। एक वर्ष तक चलने वाले इस कार्यक्रम में विश्व का सबसे बड़ा गृह संपर्क अभियान भी नवंबर माह में रहेगा। नागौर संघ के नागौर विभाग के 251 मंडलों में शताब्दी वर्ष का प्रथम कार्यक्रम विजयदशमी उत्सव रहेगा जिसमें 300 से अधिक स्थानों पर यह कार्यक्रम होंगे। इन मंडल केन्द्रों पर होने वाले कार्यक्रम में इसके अंतर्गत आने वाले गांवों के स्वयंसेवक भी सहभागी बनेंगे। संघ स्थापना के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष में नागौर जिला मुख्यालय की 16 बस्तियों में पथ संचलन के कार्यक्रम होंगे। यह सभी कार्यक्रम इन बस्तियों में लगने वाले संघ स्थान पर होंगे। इस के साथ ही स्वयंसेवकों द्वारा 16 घोषदलों के सहभाग से पथ संचलन होंगे। पथ संचलन के पूर्व सभी स्थानों पर शस्त्र पूजन का कार्यक्रम होगा। साथ ही संघ के पदाधिकारियों द्वारा इस अवसर पर स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन भी किया जाएगा। इन सभी कार्यक्रमों में मातृशक्ति व नागरिकों को भी आमंत्रित किया गया है। इस दृष्टि से सभी 16 बस्तियों में तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। कार्यकर्ता स्वयंसेवकों द्वारा गट रचना के अनुसार दल निर्धारित कर पुराने स्वयंसेवकों की गणवेश का भौतिक सत्यापन भी किया जा रहा है। साथ ही नवीन स्वयंसेवकों से शुल्क प्राप्त करके उन्हें संघ की गणवेश प्रदान की जा रही है। इस दृष्टि से अनेक बस्तियों में घर-घर संपर्क भी किया जा रहा है।

पहले शस्त्र पूजन फिर पथ संचलन
संघ सूत्रों के अनुसार इस दृष्टि से 2 हजार से अधिक स्वयंसेवकों की गणवेश का भौतिक सत्यापन किया गया। साथ ही 2500 से अधिक नवीन गणवेश स्वयंसेवकों को प्रदान की गई। 2 अक्टूबर विजयदशमी को सभी 16 बस्तियों में स्वयंसेवक सवेरे 8:30 बजे संपत करेंगे। 9 बजे शस्त्र पूजन व उसके पश्चात बौद्धिक कार्यक्रम होगा। प्रार्थना के पश्चात पुनः पथ संचलन के लिए स्वयंसेवकों द्वारा संपत किया जाएगा तथा अपनी-अपनी बस्ती के प्रमुख मार्गों पर भारतीय वाद्य यंत्रों में बजने वाली भारतीय शास्त्रीय रचनाओं के साथ कदम से कदम मिलाते हुए पथ संचलन किया जाएगा। शारदापुरम् बस्ती का कार्यक्रम जिन कुशल चौराहे के समीप स्थित संघ स्थान पर होगा।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता वायु सेवा से सेवानिवृत एम डब्लू ओ खींयाराम थालोङ करेंगे। शारदापुरम् बस्ती के स्वयंसेवकों द्वारा त्यागी मार्केट, राठौङी कुआं, गुरुद्वारा, मरुधर कॉलोनी से होते हुए पुनः संघ स्थान तक संचलन किया जाएगा।



