सतीश टाक को CAT एवं MBA तैयारी में उत्कृष्ट योगदान हेतु गुजरात सरकार द्वारा सम्मानित

आसपास

ताऊसर गांव के हैं मूल निवासी टाक

नागौर // महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती के पावन अवसर पर आयोजित एक भव्य समारोह में गुजरात सरकार के शिक्षा विभाग एवं गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र भाई पटेल द्वारा सतीश कुमार टाक को CAT एवं MBA तैयारी में उत्कृष्टता के लिए सम्मानित किया गया। टाक नागौर जिला मुख्यालय के समीपवर्ती ताऊसर गांव के मूल निवासी हैं।

इस समारोह में अहमदाबाद की महापौर श्रीमती प्रतिभा जैन, गांधीनगर की महापौर श्रीमती मीराबेन पटेल, वेजलपुर के विधायक अमित ठाक्कर, गुजरात सरकार के कैबिनेट मंत्री जगदीश विश्वकर्मा और कई प्रतिष्ठित उद्योगपतियों एवं शिक्षाविदों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

सतीश कुमार टाक, जो कि IIM कलकत्ता के पूर्व छात्र हैं और वर्तमान में T.I.M.E. अहमदाबाद एवं गांधीनगर केंद्रों का संचालन कर रहे हैं, पिछले कई वर्षों से गुजरात के छात्रों को CAT और MBA प्रवेश परीक्षा की तैयारी में मार्गदर्शन दे रहे हैं। उनके समर्पण और उत्कृष्ट शिक्षण शैली के चलते अब तक 1000 से अधिक छात्रों ने IIMs एवं भारत के अन्य प्रमुख B-Schools में प्रवेश प्राप्त किया है।

कोविड के समय किया सराहनीय कार्य

कोविड महामारी के दौरान भी सतीश कुमार ने शिक्षा के क्षेत्र में अत्यंत सराहनीय योगदान दिया। उन्होंने कई जरूरतमंद छात्रों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान की और यह सुनिश्चित किया कि आर्थिक तंगी किसी छात्र की पढ़ाई में बाधा न बने। वे आज भी नियमित रूप से उन छात्रों का सहयोग करते हैं जो आर्थिक सीमाओं के कारण बड़े सपने देखने से हिचकिचाते हैं। इससे पूर्व भी सतीश कुमार को वर्ष 2022 में गुजरात दिवस के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री भूपेन्द्र भाई पटेल द्वारा ‘गुजरात नूं गौरव’ सम्मान से नवाज़ा गया था। इसके बाद वर्ष 2023 में भी उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुनः सम्मानित किया गया।

छात्र उपलब्धि हासिल करते हैं तो मुझे होती है खुशी- टाक

सम्मान समारोह में बोलते हुए सतीश कुमार ने कहा, “सबसे ज़्यादा ख़ुशी मुझे तब होती है जब मेरे छात्र कोई बड़ी उपलब्धि हासिल करते हैं। हाल ही में मेरे छात्रों में से नमन कोठारी, अर्थ मोदी और रज़ीन मंसूरी को 25 से 30 लाख रुपये के पैकेज पर प्लेसमेंट मिला है, वहीं रौनक राठी और अस्मिता को लगभग 20 लाख रुपये से अधिक की स्कॉलरशिप प्राप्त हुई है। इन छात्रों की सफलता ही मेरी असली प्रेरणा है।” गौर करने योग्य बात यह है कि इन चयनित छात्रों में से बड़ी संख्या ग्रामीण क्षेत्रों और आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमियों से आती है। सतीश कुमार का उद्देश्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि छात्रों के आत्मविश्वास को बढ़ाना, सही दिशा में मार्गदर्शन देना और उनके सपनों को साकार करना है।

इन्होंने जताई प्रसन्नता

संत शिरोमणि श्री लिखमीदासजी महाराज स्मारक विकास संस्थान, अमरपुरा- नागौर के अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, सचिव राधाकिशन तंवर, सहसचिव हरिश्चंद्र देवड़ा, कार्यकारिणी सदस्य धर्मेंद्र सोलंकी, पारसमल परिहार, बहादुर सिंह भाटी, कोषाध्यक्ष कमल भाटी, सामाजिक कार्यकर्ता लोकेश टाक, बालकिशन, टीकमचंद कच्छावा, रूपचंद टाक, मांगीलाल गहलोत, राधेश्याम टाक, रामेश्वर लाल सैनी व पुखराज सांखला ने गुजरात सरकार द्वारा टाक को तीसरी बार सम्मानित करने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।