




रात को हुई बारहगुवाड चौक व कीकाणी व्यासों के चौक में रम्मतें
बीकानेर = शहर में होली अपने पूरे परवान चढ़ चुकी है। जगह जगह रम्मतों का आयोजन हो रहा है। बीती रात कीकाणी व्यासों के चौक में जमनादास कल्ला की रम्मत तो बारह गुवाड चौक में हडाउ मैरी की रम्मत का आयोजन हुआ। दोनों जगह रात 12 बजे से लेकर भोर होने तक पैर रखने की जगह नहीं थी। जमनादास कल्ला की रम्मत में एडवोकेट मदनमोहन व्यास के निर्देशन में पहले मां लटियाल की झांकी निकाली गई और महाआरती के बाद रम्मत का मंचन शुरू हुआ जो पूरी रात चला। सुबह दस बजे रम्मत संपन्न हुई। कमोबेश यही स्थिति बारहगुवाड चौक की रही। यहां भी पूरी रात रम्मत का मंचन होता रहा। सुबह नगर विधायक जेठानंद व्यास व कर्मचारी नेता भंवर पुरोहित सहित बडी संख्या में लोगों ने रम्मत का मंचन देखा।

2 बजे शुरू होगा हर्ष व्यास जाति के बीच डोलची मार खेल
मंगलवार दोपहर 2 बजे हर्षों के चौक में हर्ष व व्यास जाति के बीच पानी का डोलची मार खेल शुरू होगा। इसकी तैयारिया भोर होते ही हर्षों के चौक में शुरू हो गई। यहां पानी के बडे बडे कडाव रखे गए हैं और बच्चों ने तो 12 बजते ही पानी का खेल शुरू कर दिया। ये खेल विधिवत रूप से दोपहर 2 बजे शुरू होगा जब कीकाणी व लालाणी व्यासों के लोग हर्षों के चौक में डोलची खेल खेलने जाएंगे। करीब 2 घंटे तक दोनों जातियों के मध्य डोलची मार खलेंगे। इस आयोजन को देखने शहरवासी उमडते हैं। दर्शक भी सूखे नहीं रहते उन्हें भी पानी की डोलची से भिगोया जाता है।
आचार्यों के चौक् में होगी अमरसिंह राठौड की रम्मत
मंगलवार देर रात 12 बजे आचार्यों के चौक में वीर रस प्रधान अमरसिंह राठौड की रम्मत होगी। सबसे पहले मां राय भवानी जगदम्बा की सजीव झांकी निकाली जाएगी और उसके बाद रम्मत शुरू होगी। ये आयोजन पूरी रात चलेगा और सुबह 10 बजे संपन्न होगी। ये शहर की भाव प्रधान व वीररस से ओत प्रोत इकलौती रम्मत है। बाकी रम्म्तें श्रृंगार रस प्रधान होगी जबकि अमरसिंह राठौड की शूरवीरता व साहस के आधार पर ये वीर रस प्रधान होती है। समूचा शहर इसे देखने आचार्योँ के चौक में उमडता है। आज पूरी रात आचार्यो के चौक में रम्मतप्रेमियों व होली प्रेमियों का जमावडा रहेगा।
सभी फोटो= फाइल फोटो



