उदयगिरि जी महाराज की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा गुरुवार को, तैयारियां जोरों पर

धर्म-कर्म

फोल्डर का विमोचन हुआ और बैठक में हुई तैयारियों पर चर्चा

बीकानेर // श्री श्री 1008 उदयगिरि जी महाराज की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा गुरुवार को नत्थूसर गेट के बाहर स्थित हर्षों की समाधि स्थित परिसर में होगी। समारोह को लेकर विशेष बैठक की गई और फोल्डर का विमोचन किया गया।

प्राण प्रतिष्ठा समारोह समिति के संयोजक समाजसेवी चंद्रेश हर्ष ने बताया कि श्री चंचल हर्ष परिवार द्वारा इस मूर्ति का निर्माण करवाया गया है। जिसकी प्राण प्रतिष्ठा गुरुवार को सुबह 11 बजकर 11 मिनट पर विधिवत मंत्र उच्चारण के साथ होगी और पंचामृत से अभिषेक होगा और पुष्प वर्षा की जाएगी। समारोह को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। मूर्ति के स्थापित करने के लिए विशेष रूप से बंगली बनाई गई है इसके अलावा मंदिर परिसर को भूमि रूप देने के लिए उसमें विशेष रूप से सजावट आदि का कार्य भी चल रहा है।

साधु संतों का होगा सम्मान

उन्होंने बताया कि शाम को 7 बजे महा आरती का आयोजन होगा जिसमें बीकानेर के धर्म अध्यात्म से जुड़े लोगों के साथ संत महात्मा भी उपस्थित होंगे। महाआरती के पश्चात भक्तजनों के लिए महाप्रसाद का आयोजन भी किया गया है। दोपहर में साधु संतों और महात्माओं का अभिनंदन किया जाएगा।

समारोह से जुड़े नूतन हर्ष ने बताया कि साढे तीन फीट कद की मूर्ति संगमरमर के पत्थर से निर्मित की गई है। लगभग 4 क्विंटल वजन की मूर्ति के दिए विशेष रूप से बंगाली का निर्माण किया गया है जिस पर आकर्षक गुंबद भी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह को यादगार बनाने के लिए मंदिर को आकर्षक रोशनी से सजाया भी गया है।

148 साल बाद हो रही है मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा

समाजसेवी चंद्रेश हर्ष ने बताया कि उदयगिरि जी महाराज का जन्म 1864 में बीकानेर के पुष्करणा ब्राह्मण रामनाथ हर्ष उर्फ पोलजी हर्ष के घर पर हुआ था। वे बचपन से ही धार्मिक स्वभाव के थे। उन्होंने बाद में लाल गिरी महाराज के सानिध्य में सन्यास ग्रहण कर लिया था तथा धर्म साधना में जुट गए थे। अब 148 साल बाद उनकी मूर्ति के प्राण प्रतिष्ठा गुरुवार को होने जा रही है। पहली बार स्थापित हो रही इस मूर्ति से संबंधित व महाराज के जीवन दर्शन से संबंधित जानकारी भी भक्तजनों को वितरित की जाएगी।

फोल्डर का विमोचन

आयोजन से जुड़े विकास हर्ष ने बताया कि उदयगिरि जी महाराज के योग साधना ,जीवन दर्शन और चमत्कारों से जुड़े संस्मरणों का फोल्डर का विमोचन मंगलवार को किया गया।

बैठक में हुई तैयारियों पर चर्चा

समारोह को लेकर आज समाधि परिसर में एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा के साथ-साथ सभी को अलग-अलग जिम्मेदारी भी सौंप गई। बैठक में करणी दान हर्ष ,रामकुमार पुरोहित, संतोष हर्ष, खेमचंद हर्ष, शिव लाल, अशोक पुरोहित, हरिशंकर हर्ष, अनंत कुमार, बलदेव व्यास, मन मोहन हर्ष, दाऊलाल छंगाणी सहित अनेक लोग मौजूद थे।