


नागौर // राजस्थान शिक्षा परिषद नई शिक्षा नीति 2020 के तहत कक्षा 9 से 12 की विद्यार्थियों में व्यावसायिक कौशल अभिवृत्ति के मार्गदर्शन व प्रेरणा हेतु कैरियर मेला आयोजित किया गया। पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय राठौङी कुवा में आयोजित इस कार्यक्रम का अर्बन कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष नरेंद्र कच्छावा ने फीता काटकर शुभारंभ किया। कार्यक्रम में अनेक उद्यमियों व विद्यार्थियों द्वारा 10 स्टॉल कंप्यूटर एसेसीरीज, मेहंदी, ब्यूटी पार्लर, हस्तकला, सिलाई, चित्रकला, कैटरिंग बागवानी, पानी पूरी, फोटो फ्रेमिंग के लगाए गए। सभी आगंतुक अधिकारी, मेहमान व शाला प्रबंध समिति के सदस्य, अभिभावकों ने विजीट कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। सरोज चौधरी के नेतृत्व में रंगारंग संस्कृति कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।

इस अवसर पर जिला उद्योग अधिकारी मन्नालाल ने राज्य सरकार की स्वरोजगार उद्योग, ऋण अनुदान के बारे में मार्गदर्शन किया। कृषि महाविद्यालय के डॉ. विकास पावड़िया ने कृषि क्षेत्र में रोजगार में नवाचारों पर प्रकाश डाला। मिर्धा महाविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर लाखाराम भाटी ने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए समय के सदुपयोग, नियमित स्वाध्याय, अनुशासित दिनचर्या व मोबाइल से दूर रहने का आह्वान किया। शिक्षाविद् व पूर्व प्रधानाचार्य देवी दत्त सारस्वत ने वाणिज्य क्षेत्र में अनेक स्वरोजगार के अवसर बताए। विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी महबूब खोखर ने विद्यार्थियों से वन टू वन संवाद कर पीएम श्री योजना की जानकारी साझाकर अंग्रेजी से कैरियर निर्माण पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि स्पोकन इंग्लिश की कमजोरी से वह सेना में लेफ्टिनेंट नहीं बन पाये। उन्होंने शाला के विद्यार्थियों के क्विज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
मुख्य अतिथि नरेंद्र कच्छावा ने विद्यालय विकास एवं गुणात्मक परिणाम की प्रशंसा की। शाला विकास समिति के जाकिर हुसैन, रामदेव सांखला, खेराज राम बिश्नोई, गणेशाराम व अन्य सदस्य, स्टाफ व अभिभावक इस अवसर पर उपस्थित थे। अंत में शाला प्रधानाचार्य जेठाराम बगड़िया व संगीता भाटी ने आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों को पुरस्कार व अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए गए। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अध्यापिका जय गौड ने किया।



