पात्रों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सेवा संस्था का उदघाटन

समाज

विधायक व्यास ने काटा फीता

बीकानेर // अब सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्र व्यक्तियों को दर-दर भटकना नहीं पड़ेगा इसके लिए शहर के लालाणी व्यासों के चौक में 5 सितंबर 2025 प. श्री मोहनलाल आशा देवी व्यास स्मृति सेवा संस्थान खुल गया है। शुक्रवार को इसके कार्यालय का उद्घाटन बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानंद व्यास ने किया।

इस अवसर पर विधायक जेठानंद व्यास ने कहा कि सरकार की अनेक ऐसी योजनाएं हैं जिनका लाभ यदि वास्तव में जरुरतमंद को मिले तो उसकी दुनिया संवर सकती है मगर जानकारी के अभाव में पात्र व्यक्ति भी वंचित रह जाते हैं। अब इस कार्यालय के उद्घाटन होने के बाद समाजसेवी सुरेंद्र कुमार व्यास के प्रयासों से पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिलेगा। उन्होंने इसके लिए सुरेंद्र व्यास को बधाई व शुभकामनाएं भी दी।

इस मौके पर स्वर्गीय मोहनलाल आशा देवी व्यास स्मृति सेवा संस्थान के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार व्यास ने कहा कि वह लंबे समय से समाज के वंचित वर्ग को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रयास कर रहे हैं मगर अब उन्होंने संस्था खोली है और संस्था के कार्यकर्ताओं के प्रयासों से अब वंचित वर्ग के लोगों को ढूंढ कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने का पूरा-पूरा प्रयास करेंगे।

कार्यालय उदघाटन की पूजा अर्चना पंडित लक्ष्मी नारायण व्यास द्वारा की गई। कार्यक्रम का संचालन सत्यनारायण व्यास ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एडवोकेट ग्वाल दास व्यास ने की। इस अवसर संस्था के पदाधिकारी उमाकांत व्यास, अक्षय, विकास, भंवरलाल आचार्य एवं मुकुंद व्यास के अलावा अनेक लोग उपस्थित थे।