




प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 22 को देशनोक में विश्व प्रसिद्ध करणी माता के करेंगे दर्शन, अमृत भारत योजना के तहत 107 रेलवे स्टेशनों के पुर्नविकसित योजनाओं का करेंगे वर्चुअल लोकार्पण, गांव पलाना में होगी मोदी की आमसभा, देर रात तक दिया जा रहा था तैयारियों को अंतिम रूप
- प्रमोद आचार्य
बीकानेर // बीकानेर इन दिनों भाजपा की राजधानी बन गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार बीकानेर की धरा पर जनसभा को संबोधित करने 22 मई को बीकानेर आ रहे हैं। इस कारण सीमावर्ती जिले में सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई है। विगत दो दिनों से यहां केंद्र व राज्य स्तर के भाजपा नेताओं ने अपना डेरा डाल दिया है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ दो दिन से बीकानेर में ही है। वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दो दिन पूर्व ही यहां तैयारियों का जायजा लेने आए थे वे भी बुधवार शाम बीकानेर पहुंच गए। उन्होंने पलाना गांव में होने वाली जनसभा सहित देशनोक रेलवे स्टेशन पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया। देर रात उन्होंने भाजपा नेताओं व मंत्रियों के साथ अलग अलग बैठकों में भी हिस्सा लिया। उधर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उप मुख्यमंत्री दीयाकुमरी, उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय कानून व विधि मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, राज्य के खाद्य आपूर्ति नागरिक मंत्री सुमित गोदारा, किसान आयोग के अध्यक्ष सीआर चौधरी, जिले के प्रभारी मंत्री व प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर सहित भाजपा के दर्जनों प्रदेशस्तरीय पदाधिकारी बीकानेर में डेरा डाल चुके हैं। इन सबका रात्रि विश्राम बीकानेर में ही रहेगा। अलसुबह से सभी बीकानेर के निकटवर्ती देशनोक में करणी माता के मंदिर में जाएंगे, क्योंकि मोदी यहां विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ करणी मां के दर्शन कर विश्व समुदाय को अलग संदेश देंगे। उधर मोदी के दौरे को लेकर सुरक्षा एजेसिंया भी अलर्ट मोड पर है। केंद्र व प्रदेश की सुरक्षा एजेसियों के बड़े अधिकारी बीकानेर आ चुके हैं। उन्होंने आज नाल हवाई अडडा सहित देशनोक व सभास्थल पलाना गांव का सघन दौरा किया तथा तैयारियों को अंतिम रूप दिया। बीकानेर के आला अधिकारी भी दिनभर तैयारियों में व्यस्त रहे। पुलिस आईजी ओमप्रकाश पासवान, कलेक्टर नम्रता वृष्णि व एसपी कावेंद्र सिंह सागर सहित अनेक अधिकारी दिनभर पलाना व देशनोक के दौरे पर रहे।
सर्किट हाउस सहित अनेक सरकारी गेस्टहाउस व होटले हुई हाउसफुल
बीकानेर शहर में मंत्रियों, नेताओं व अन्य जनप्रतिनिधियों के दौरे होने के कारण इन दिनों सर्किट हाउस, विभिन्न विभागों के सरकारी गेस्ट हाउस तथा अनेक बड़ी हेरिटेज होटलें हाउसफुल हो गई है। कई पूर्व मुख्यमंत्री व मंत्री सहित अनेक केंद्र व राज्य के बडे नेता यहां शिफ्ट हो गए हैं। ऐसे में बाहर से निजी कार्यों के लिए आगे लोगों को भी अच्छी होटलें नसीब नहीं हो रही है क्योंकि वे पहले से ही बुक हो गई है।
ये हैँ पीएम मोदी का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
पीएम नरेन्द्र मोदी गुरुवार 22 मई को साढ़े 3 घंटे तक बीकानेर में रहेंगे। उनका मिनट टू मिनट कार्यक्रम भी जारी हो गया है। वे गुरुवार को 3 घंटे 25 मिनट तक बीकानेर की धरा पर रहेंगेप् पीएम मोदी, सुबह 8.45 बजे विशेष विमान से दिल्ली से बीकानेर के लिए रवाना होंगे। गुरुवार सुबह 9.50 बजे बीकानेर के नाल एयरपोर्ट उतरेंगे। पीएम मोदी, सुबह 9.55 बजे बीकानेर एयरपोर्ट से देशनोक के लिए हेलीकाप्टर से रवाना होंगे। वे सुबह 10.20 बजे देशनोक हैलीपेड पर उतरेंगे फिर 10.30 बजे करणी माता मंदिर पहुंचेंगे। सुबह 10.30 से 10.45 बजे तक यानि 15 मिनट माता रानी के दर्शन करेंगे। सुबह 10.50 बजे करणी माता मंदिर से सडक मार्ग से देशनोक रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे, देशनोक रेलवे स्टेशन पर सुबह 11 से 11:15 बजे अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित देशनोक स्टेशन का उद्घाटन व पश्चिमी राजस्थान के अनेक स्टेशनों का वहां से वर्चुटल लोकार्पण करेंगे। साथ में बीकानेर-मुंबई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे, सुबह 11.30 बजे पलाना पहुंचकर सार्वजनिक समारोह को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद मोदी ढाई बजे देशनोक हेलीपैड से सीधे नाल एयरपोर्ट पहुंचकर दिल्ली के लिए उडान भरेंगे।



