




पुष्करणा समाज के पुरोधा स्व. मोहनलाल किराडू की चौथी पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में एकस्वर में बोले वक्ता, समाज की प्रतिभाओं को किया गया सम्मानित
बीकानेर // शहर के गोकुल सर्किल पर स्थित सूरदासाणी बगेची के सभागार में सोमवार की शाम को रह रहकर लोगों की आंखें नम होती रही। मौका था पुष्करणा समाज के पुरोधा स्व. मोहनलाल किराडू की चौथी पुण्य तिथि के अवसर पर आयोजित श्रद्धाजंलि सभा का। इस मौके पर मौजूद लगभग सभी वक्ताओं ने स्व. किराडू के साथ बिताए क्षणों, उनकी कार्यशैली व सामाजिक सोच पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि स्व. किराडू संगठनदृष्टा थे इसलिए पुष्करणा समाज सदैव उनका ऋणी रहेगा। वक्ताओं ने स्व. किराडू की यादों को चिरस्थाई बनाए रखने के लिए अनेक सुझाव भी दिए। इस दौरान वक्ताओं ने अखिल भारतीय पुष्टिकर सेवा परिषद के विभिन्न धडों को एकजुट कर एक ही संगठन व एक ही बैनर तले पुष्करणा समाज के हित में काम करने पर जोर देते हुए सभी धडों को एक होने की मार्मिक अपीलें भी की। इस मौके पर समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया गया। ये श्रद्धांजलि सभा श्री मोहनलाल किराडू प्रन्यास व श्री पुष्करणा ब्राह्मण शैक्षणिक एवं आर्थिक विकास समिति बीकानेर के बैनर तले आयोजित किया गया। सबसे पहले प्रन्यास की ओर से विनय मोहन किराडू ने आयोजन पर प्रकाश डाला तथा भावी योजनाओं पर अपनी बात रखी। इस दौरान स्व. मोहनलाल किराडू पर आधारित एक शॉर्ट फिल्म का प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रदर्शन किया गया। जिसमें किराडू की जीवन यात्रा के फोटो वीडियो शामिल थे। अंत में विनय किराडू ने सभी अतिथियों का आभार ज्ञापित किया। मंच का संचालन ज्योति प्रकाश रंगा ने किया।
समाज दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सोचें, वे हर संभव मदद को तैयार: जेठानंद
इस अवसर पर मुख्य अतिथि जेठानंद व्यास ने कहा कि समाज हित में हमें दलगत राजनीति से ऊपर उठना होगा। वे समाज की मदद को हर समय तत्पर है। पुष्करणा समाज में उच्च शिक्षा तेज गति से बढ़े इसके लिए जहां जरूरत होगी वहां विधायक कोटे से काम भी कराएंगे। इसके लिए समाज के मौजीज लोगों को आगे आना होगा। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि वे पुष्करणा समाज के ऋणी है जिन्होंने उन पर भरोसा जताया। वे एक जनसेवक के रूप में हमेशा समाज के हित के लिए काम करने को तैयार है। उन्होंने स्व मोहनलाल किराडू की कार्यशैली व उनके संगठन हित में जुटे रहने के संस्मरणों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए आरएसएस के राजस्थान क्षेत्र सह संपर्क प्रमुख योगेन्द्र कुमार ने कहा कि हर मनुष्य में समाज हित काम करने की प्ररेणा जाग्रत होनी चाहिए तभी समाज विकसित होगा। उन्होंने किराडू के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला तथा समाज के लिए पंच प्रण भी बताए। उन्होंने सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुम्ब प्रबोधन, शिक्षा व संगठनात्मक एकता पर बल दिया।
पुष्करणा स्कूल का मुद्दा जोर-शोर से उठा
स्व. किराडू की श्रद्धाजंलि सभा में लंबे समय से बंद पडी पुष्करणा स्कूल का मुद्दा जोर शोर से उठा। शुरूआत कम्रचारी नेता रहे शंकरलाल पुरोहित ने की। उन्होंने विधायक जेठानंद की तरफ मुखातिब होते हुए बंद पडी समाज की स्कूल को वापिस शुरू कराने की मांग रखी। इसके बाद कर्मचारी नेता भंवर पुरोहित ने मुद़दे को आगे बढाते हुए कहा कि ये काम विधायक का नहीं बल्कि समाज का है हमें एकजुट होकर एक कमेटी बनाकर इसके लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि बडे दुर्भाग्य की बात है कि हमारी बेटियां निजी लाइब्रेरीज में पढने जा रही है जबकि पुष्करणा स्कूल में उसकी व्यवस्था समाज की ओर से होनी चाहिए। उन्होंने सरकारी जमीन पर संचालित नेहरू शारदा पीठ को खाली कराने की मांग भी रखी। भाजपा नेता विजय आचार्य ने कहा कि स्व किराडू ने समाजसेवा की जो मार्ग हमें बताया है हम सबको उस पर चलना चाहिए। वे समाज की बड़ी धरोहर थे हमें उनकी तरह की समाज सेवा में जुटना चाहिए। वीरेन्द्र किराडू ने पुष्करणा स्कूल की जमीन पर लाइब्रेरी बनाने के लिए सभी से आगे आने का आह्वान किया। इस दौरान राजेश चूरा, महेंद्र चूरा, रामकुमार पुरोहित, बिट्ठल हर्ष, हेमंत किराडू, अनिल बोडा, बुलाकी हर्ष, डूंगर कॉलेज प्राचार्य राजेन्द्र पुरोहित, ज्योतिबाला व्यास, सत्येन्द्र व्यास, सत्यप्रकाश आचार्य आदि ने भी विचार रखे। लगभग सभी वक्ताओं ने खंड खंड हो चुके पुष्करण समाज के सभी धडों को एकजुट करके समाज के संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। सभी वक्ताओं ने बालिका शिक्षा की पुरजोर वकालात भी की।
इनको किया गया सम्मानित
समाज के नए आरएएस के रूप में ज्योति छंगाणी, विनय जोशी , कोमल पुरोहित ,ज्योत्सना पुरोहित, उमाकांत व्यास , सुनील व्यास, ललित छंगाणी को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। आरजेएस के रूप में आदित्य व्यास को सम्मानित किया गया। इसी प्रकार नीट में चयनितों के रूप में क्रमश लक्ष्मी जोशी, यश छंगाणी, देव किशन व्यास, नंदनी व्यास, मयंक रंगा, रुचिका जोशी, शांतनु मोहता, मोहित नंदन व्यास, मोहित जोशी को सम्मानित किया गया। हाल ही में सीए बने समाज के मुकेश किराडू सहित , उत्तम ओझा, मोक्षी व्यास, पवन व्यास ,श्रीमती प्रियंका व्यास को सम्मानित किया गया। पिछले साल आयोजित पुष्करणा ओलम्पिक में विष्णु रूप में दुल्हे बने यादवेंद्र व्यास व संजय छंगाणी को भी सम्मानित किया गया।



