



सांस्कृतिक महोत्सव- ब्रह्मनाद में धर्म, लोकगीत, नगाड़ा वादन व नाटय प्रस्तुतियां देंगे कलाकार
बीकानेर // पिछले लंबे समय से शहर में ब्रह्मनाद के पोस्टर बैनर आपको नजर आ रहे हैं मगर आपका इंतजार खत्म हुआ। अब 29 मार्च की शाम को पुष्करणा स्टेडियम में सांस्कृतिक महोत्सव- ब्रह्मनाद का आयोजन होगा। इसमें धर्म, लोक गीत व लोक संस्कृति से जुड़े आयोजनों के साथ नाटय प्रस्तुती व शानदार नगाडा वादन के आयोजन सहित अनेक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। आज की युवा पीढ़ी को नव संवत्सर से अवगत क रवाने और संस्कार और सनातन संस्कृति से जोडऩे के उद्देश्य से नव संवत्सर के आगमन पर बीकानेर सांस्कृतिक मंच द्वारा ब्रह्मनाद संवत् 2082 एक सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। ये कार्यक्रम 29 मार्च की शाम गहराने से लेकर देर रात तक चलेगा। आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है।
प्रेस वार्ता में आयोजन की जानकारी देते हुए कार्यक्रम से जुड़े श्रीकांत व्यास ने बताया कि नववर्ष की पूर्व संध्या पर पुष्करणा स्टेडियम में 29 मार्च की शाम को आयोजित इस कार्यक्रम में बीकानेर के नामी कलाकारों द्वारा विभिन्न प्रस्तुतियां दी जाएगी। बीकानेर में पहली बार आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम का आगाज शंखनाद के साथ होगा। इस दौरान बीकानेर के दस संतों का सम्मान भी किया जाएगा। व्यास ने बताया कि आने वाले लोगों के बैठने के लिये 1000 कुर्सियां लगाई गई है। वहीं दो से ढाई हजार लोगों के स्टेडियम में बने स्टेण्ड में बैठने की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में राजनीतिक व गैर राजनीतिक लोगों के अलावा अधिक संख्या में महिलाओं व बच्चों को आमंत्रित किया गया है। इस मौके पर कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन आरती आचार्य, राजकुमारी व्यास, डॉ अशोक व्यास, डॉ उमाकांत व्यास, आजाद पुरोहित सहित आयोजकों ने किया।
ये आयोजन होंगे, तैयारियां पूरी
आयोजक श्रीकांत व्यास ने बताया कि इस कार्यक्रम में 50 बालकों द्वारा वैदिक मंत्रोचारण, 50 बच्चों द्वारा गीता अध्याय का पाठ, नगाड़ा वादन, महिषासुर मर्दिनी समूह नृत्य, सितार एवं वायलिन वादन, कत्थक नृत्य, ईशानाथ मंडल द्वारा भजन प्रस्तुति, प्रसिद्ध गायक प्रवेश शर्मा की गीतों की प्रस्तुति, राम भजनों की प्रस्तुति, राजस्थानी लोक गीत व नृत्य की प्रस्तुतियां, सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, दीप जलाकर आदि शक्ति की सामूहिक आरती, दीपोत्सव व आतिशबाजी के आयोजन होंगे।




