बीकानेर व नागौर सहित कुछ जिलों में 26 से 29 जून के मध्य बरसेंगे बादल

प्रशासन

अलसुबह हल्की बूंदाबांदी से दिनभर रही उमस, बादलों के बावजूद रही गर्मी

बीकानेर // पूर्वी व दक्षिणी राजस्थान में झमाझम बारिश के बावजूद मानसून अभी भी पश्चिमी राजस्थान में सक्रिय नहीं हुआ है। हालांकि मानसून की टर्फ लाइन इन दोनों नागौर, फलोदी, जैसलमेर व बाड़मेर के रास्ते से गुजर रही है मगर इसके बावजूद मानसून अभी तक पश्चिमी राजस्थान में मेहरबान नहीं हुआ है। जबकि नागौर में 2-3 बार हल्की बारिश हो चुकी है।

बीकानेर तो पिछले एक सप्ताह से बारिश को तरस रहा है। बुधवार सुबह 6 बजे शहर में कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई। उसके बाद यकायक उमस बढ़ गई वह उमस पूरे दिन जारी रही। दिन भर लोग उमस व भीषण गर्मी से परेशान रहे। आसमान में बादलों का जमावड़ा रहने के बावजूद यहां लोग एक अदद बारिश को तरस गए।

मौसम विभाग के अनुसार अब 26 से 29 जून के मध्य बीकानेर सहित गंगानगर, हनुमानगढ़, नागौर, फलोदी, जोधपुर व जैसलमेर में अच्छी बारिश होगी। ऐसा माना जा रहा है कि यह मानसून अब 26 जून से आगामी तीन-चार दिनों तक सक्रिय रहेगा और इस दौरान कुछ जिलों में तेज बारिश की पूरी पूरी संभावना है।