महिलाओं ने गाय-बछड़े की सामूहिक पूजा कर मनाई बछ बारस

धर्म-कर्म

शहर में जगह जगह हुआ पूजन

बीकानेर // पुत्र की दीर्घायु की मंगल कामना को लेकर मनाया जाने वाला बछ बारस पर्व बुधवार को मनाया गया। इस दौरान महिलाओं ने गाय व बछड़े की सामूहिक पूजा अर्चना की। गाय- बछड़े को बाजरे की आटे की पिंड़े व गुड़ खिलाया गया। इस दौरान महिलाओं ने अपने-अपने मोहल्ले में गाय बछड़े के सामने पूजा करने के उपरांत पाळ बनाकर बछ बारस की कथा भी सुनी।

गाय बछड़ा पूजन का यह सिलसिला सुबह 7 बजे से लेकर 11 बजे तक लगातार चलता रहा। कुछ महिलाओं ने गौशाला में जाकर सामूहिक रूप से गाय व बछड़े की पूजा अर्चना की। उल्लेखनीय है कि बछ बारस पर्व वात्सल्य प्रेम का पर्व है इसमें माताएं अपने पुत्रों की दीर्घायु होने की मंगल कामना को लेकर यह पर्व मनाती है। इस दिन महिलाएं गाय के दूध का सेवन नहीं करती तथा किसी भी खाद्य वस्तु को चाकू से नहीं काटती है।वात्सल्य प्रेम का यह पर्व महिलाओं ने पूरे मनोयोग के साथ मनाया।