शिक्षा मंत्री दिलावर ने किया शारदा बाल निकेतन व बालिका निकेतन की प्रतिभाओ को सम्मानित

शिक्षा

नागौर // शारदा बाल निकेतन व बालिका निकेतन में राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के मुख्य आतिथ्य में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर आदर्श शिक्षण संस्थान के जिला अध्यक्ष हरिराम धारणिया, पूर्व विधायक मोहन राम चौधरी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघचालक मुकेश भाटी, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष केवल चंद बछावत भी मंच पर मौजूद रहे। इस अवसर पर द्वादशी विज्ञान वर्ग में 90 प्रतिशत से अधिक 13 भैया बहिनों को तथा कला वर्ग में 17 भैया बहिनों को सम्मानित किया गया।

जीवन मे संस्कारों का बहुत महत्व: मदन दिलावर

इस अवसर पर राजस्थान के शिक्षा मंत्री व मुख्य अतिथि मदन दिलावर ने अपने संबोधन में कहा कि इस वर्ष राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के 12वीं कक्षा के तीनों सवर्गों के परिणाम नागौर से जारी करने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी ही नहीं समस्त नागरिकों के लिए संस्कारों का बहुत महत्व है। परिवार में अच्छा वातावरण और संगत अच्छी रहती है तो परिणाम अच्छा निकलता है। उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामना देते हुए कहा कि हमने मेहनत की और परिवार ने वातावरण दिया और अध्यापकों के परिश्रम के कारण से हमने सफलता प्राप्त की। उन्होंने कहा कि हम अपने लक्ष्य को तय करके उसके लिए पूरी मेहनत लगा दे और ताकत से कार्य करें। लक्ष्य प्राप्ति के बाद परिवार व देश का नाम रोशन करें। भविष्य के जीवन में विचलन न हो इसका ध्यान रखें। अच्छी पढ़ाई करने वाले बालक को घमंड नहीं करना चाहिए। घमंड से तथा अन्य कारण से हम हमारे मार्ग से भटके नहीं इसका विशेष ध्यान रखें।