सिंदूर संपर्क यात्रा के निमित्त संपर्क जारी

राजनीति

बैनर का किया विमोचन

नागौर // जिला मुख्यालय पर सकल मातृशक्ति की ओर से आयोजित होने वाली सिंदूर शौर्य यात्रा के निमित्त संपर्क अभियान जारी रहा। यात्रा की आयोजन कर्ता मातृशक्ति द्वारा विभिन्न शालाओं प्रबन्धकों व सामाजिक संगठनों से संपर्क किया गया तथा यात्रा में अधिकतम संख्या में सहभागी बनने का निवेदन किया। 22 मई को बंशीवाला मंदिर से सवेरे 8:15 बजे से प्रारंभ होने वाली इस यात्रा के निमित्त महिलाओं को तिरंगा ध्वज लेकर आने का आग्रह किया गया।

यात्रा संयोजक नीलू खङलोया द्वारा प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन से इस कार्यक्रम में सक्रिय सहभागी बनने के निमित्त संपर्क किया गया। संगठन के जिला सचिव विनेश शर्मा, प्रधानाचार्य रेखा वर्मा, प्रभा शर्मा, प्रबंधक ललित पाराशर के साथ-साथ दाधीच समाज महिला अध्यक्ष मंजू जोशी व तथा आनंद पुरोहित से संपर्क करने के साथ विभिन्न शाला प्रबन्धन से भी संपर्क किया गया।

इस कार्यक्रम के निमित्त चैनार स्थित संत लिखमीदास महाराज गौशाला में कार्यक्रम के बैनर का विमोचन किया गया। श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के कार्यक्रम में व्यास पीठ पर विराजमान संत गोवर्धन दास महाराज के कर कमलों से इसका विमोचन किया गया। इस अवसर पर मांझवास के संत स्वरूपनाथ महाराज ने भी कार्यक्रम के निमित्त आशीर्वाद प्रदान किया। अपने संबोधन में गोवर्धन दास महाराज ने कहा कि भारतीय सेना ने नारी शक्ति के सहयोग से पाकिस्तान को घुटने टेकने पर मजबूर किया। सेना ने जिस प्रकार से भारतीय मातृ शक्ति के सम्मान व मर्यादा की रक्षा के निमित्त जो पराक्रम प्रस्तुत किया इस दृष्टि से कोटि-कोटि वंदन की पात्र है। सेना के सम्मान में भारतीय जनमानस की श्रद्धा व उनके प्रति गौरव का भाव लगातार बढ़ता रहे। इस दृष्टि से सिंदूर शौर्य यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। सभी विचार, पार्टी व मतभेद से ऊपर उठकर आम नागरिक को इस देश भक्ति व जन जागरण के कार्यक्रम में सहभागी बनना चाहिए। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता रामकुमार सोलंकी, लोकेश टाक, इंदु चौधरी कार्यक्रम सह संयोजक सुमिता सिद्ध, रामस्वरूप कच्छावा, अमरचंद सैनी, पन्नालाल सोलंकी, हरिकिशन टाक व बिट्टू टाक सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे। आयोजन समिति द्वारा सीमा सुरक्षा बल के पदाधिकारी से संपर्क कर इस कार्यक्रम में पधारकर मार्गदर्शन करने का भी अनुरोध किया। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी सहित कमला चारण व मेघराज राव भी उपस्थित रहे।