




राजस्थानी युवा संघ सूरत की ओर से राजस्थान दिवस के मौके पर हुआ था वर्ल्ड रिकॉर्ड घूमर नृत्य का आयोजन

प्रादेशिक डेस्क // राजस्थान दिवस के मौके पर गुजरात के शहर सूरत में राजस्थानी युवा संघ की ओर से आयोजित वर्ल्ड रिकॉर्ड घूमर नृत्य में बीकानेर की 80 वर्षीय पुष्पा आचार्य ने भी सर्टिफिकेट प्राप्त किया है।
बीकानेर के जोशीवाड़ा स्थित फूलबाई कुआं क्षेत्र में रहने वाली 80 वर्षीय पुष्पा आचार्य ने अपनी बहू बेटियों सहित तीन पीढियो के साथ यहां राजस्थानी पोशाक पहनकर शानदार घूमर नृत्य किया था। एक साथ तीन पीढियों के संग घूमर नृत्य करने पर वर्ल्ड रिकॉर्ड बुक्स ऑफ लंदन के पदाधिकारियों की एक टीम ने आज सूरत में पुष्पा आचार्य को अपना सर्टिफिकेट प्रदान किया।

इस मौके पर पुष्पा आचार्य ने कहा कि राजस्थानी कल्चर उनके खून में बहता है। उन्हें बचपन से ही नृत्य का शौक था हालांकि पारिवारिक परिस्थितियों के चलते नृत्य बीच में छूट गया मगर जब सूरत के प्रवासी राजस्थानियों ने वर्ल्ड रिकॉर्ड का अनूठा आयोजन किया तो उनके विचार को पंख लग गए। उन्होंने तुरंत अपने इकलौते बेटे राजेश आचार्य को अवगत कराया कि वे भी बहू बेटियों को लेकर नृत्य करेंगी। एक बार परिजन तैयार नहीं हुये मगर जिंदादिल पुष्पा आचार्य ने कहा कि वे बिना किसी थकावट के घूमर नृत्य कर सकती है और यह राजस्थान की इज्जत का सवाल है इसलिए उम्र आड़े नहीं आएगी और पूरे जोश व उत्साह के साथ पुष्पा आचार्य ने वर्ल्ड रिकॉर्ड के शानदार घूमर नृत्य में सबसे बेस्ट प्रदर्शन किया। अपनी अच्छी परफॉर्मेंस से उन्होंने लंदन से आई वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम का दिल जीत लिया। यही कारण है कि आज उन्हें सूरत में एक समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों व प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में वर्ल्ड रिकॉर्ड का सर्टिफिकेट प्रदान किया गया।



